इंसानियत को झकझोर कर रख देने वाली तीन वर्षीय अयलान कुर्दी की तस्वीर के बाद एक और सीरियाई मासूम की दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। मानवता को शर्मसार कर देने वाली यह तस्वीर पांच वर्षीय उमरान दकनीश की है, जो गृहयुद्ध की आग में झुलसे सीरिया के भयानक हालात को दर्शाती है।
अलेप्पो में विनाशकारी हवाई हमले के बाद उमरान को मलबे से निकाला गया है और अस्पताल पहुंचाया गया। भौचक्का सा बैठा यह सीरियाई मासूम इलाज का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। एंबुलेंस के अंदर नारंगी कलर की सीट पर बैठे उमरान के चेहरे और शरीर पर जख्म एवं खून देखकर दिल दहल रहा है। उसके चेहरे से लेकर तलवे तक धूल और खून साफ नजर आ रहा है। एंबुलेंस में हक्काबक्का सा बैठा निर्दोष उमरान खुद भी समझ नहीं पा रहा है कि आखिर उसने कौन-सा गुनाह किया है, जिसकी उसको इतनी दर्दनाक सजा मिली।
यह भयानक तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब शेयर की जा रही है। अल जजीरा के फोटो पत्रकार महमूद रसलन ने इस तस्वीर को खींचा है। इस हवाई हमले में पांच बच्चों समेत आठ लोगों के मारे जाने की जानकारी है।