गूगल ने विवादित फिल्म के जॉर्डन स्थित सभी इंटरनेट लिंक बंद करने पर हामी भर दी है। जॉर्डन के संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अतेफ तेल ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमने गूगल से कहा था वह हमारे देश में इस विवादित फिल्म के सभी लिंक बंद कर दे, इसपर उन्होंने काफी सकारात्मक जवाब दिया है। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, फिल्म के अंशों को वहां अभी भी देखा जा सकता है।
मालूम हो कि अमेरिका में बनी ‘इनोसेंस ऑफ मुसलिम’ नामक इस फिल्म को लेकर पूरे मुसलिम जगत में जोरदार प्रतिक्रिया हो रही है। फिल्म के विरोध में हुए प्रदर्शनों में अब तक सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं। यू-ट्यूब की मालिक गूगल ने इससे पहले बुधवार को कहा था कि उन देशों में जहां के प्रशासन ने इसे अवैधानिक बताया है वहां फिल्म को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। मालूम हो कि इस विवादित विडियो को सबसे पहले यू-ट्यूब पर ही दिखाया गया था। अब तक जिन देशों में इस फिल्म पर पाबंदी लगी है, उसमें भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान, लीबिया, मिस्र, मलयेशिया, सूडान, सऊदी अरब आदि शामिल हैं।