भारत और अन्य जी 4 देशों (ब्राजील, जर्मनी, जापान) ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार के लिए साझा दृष्टिकोण व्यक्त किया। साथ ही वर्किंग डॉक्यूमेंट का मसौदा तैयार करने की मांग की, जो स्थायी और अस्थायी श्रेणी के विस्तार पर वार्ता में आगे आधार बनेगा।
संयुक्त राष्ट्र महासभा से अलग भारत के विदेश सचिव रंजन मथाई, ब्राजील के विदेश मंत्री एंटोनियो डी पात्रियोता, जर्मनी के विदेश मामलों के मंत्री गुइदो वेस्टरविले और जापान के विदेश मंत्री कोइचीरो गेंबा ने मंगलवार को यहां मुलाकात की। जी 4 देशों के प्रतिनिधियों ने कहा कि दोनों ही श्रेणियों का विस्तार सदस्य देशों से विचार-विमर्श के बाद किया जाना चाहिए।
इन्होंने सुरक्षा परिषद में सुधार के अपने दृष्टिकोण को दोहराया। कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक वास्तविकता को प्रदर्शित करने के लिए स्थायी एवं अस्थायी दोनों श्रेणी में विकासशील देशों का प्रतिनिधित्व बढ़ाना एक जरूरत बन चुका है।