बांग्लादेश में विपक्षी दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के प्रदर्शनकारियों की सत्ताधारी अवामी लीग के कार्यकर्ताओं और पुलिस के साथ हुई झड़पों में चार लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक राजधानी ढाका में ये झड़पें तब हुईं जब विपक्षी पार्टी ने प्रतिबंधों के बावजूद रैली निकाली और प्रदर्शन किए। बीएनपी ने पिछले साल हुए विवादास्पद चुनाव के विरोध में ये प्रदर्शन आयोजित किए थे।
चार प्रदर्शनकारियों की मौत की बाद बांग्लादेश में विपक्ष की नेता खालिदा जिया ने समर्थकों से यातायात को बंद करने की अपील की। प्रदर्शनकारियों की मौत के बाद कार्यकर्ताओं का गुस्सा बढ़ गया है।
खालिदा जिया ने समर्थकों से सड़क, रेल और और जल तीनों तरह के यातायात को बाधित करने और ठप कर देने की अपील की। झड़पों की आशंका को देखते हुए राजधानी ढाका में दंगा पुलिस के हजारों सिपाही गश्त कर रहे हैं।
अधिकारियों ने बस, रेल और नाव सेवाओं को पहले ही निरस्त कर दिया था ताकि शहर में बड़े पैमाने पर लोगों की आवाजाही को रोका जा सके। इस बीच, पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि प्रमुख विपक्षी नेता बेगम ख़ालिदा जिया को उनके दफ़्तर में नज़रबंद कर दिया गया है और उनको बाहर जाने की अनुमति नहीं है।
बांग्लादेश में पिछले साल आम चुनाव हुए थे जो काफी विवादित थे और उनमें अवामी लीग को जीत हासिल हुई थी। बीएनपी तभी से नए सिरे से चुनाव की मांग कर रही थी और पांच जनवरी को इन चुनावों की बरसी पर प्रदर्शन का ऐलान किया था।