दक्षिणी चीन के एक भीड़ भरे मॉल में आग लगने से 17 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक गुरुवार को गुआंगदोंग प्रांत के हुईझो शहर के मॉल में लगी आग पर 200 दमकलों ने छह घंटे के प्रयास के बाद काबू पाया।
आग मॉल की चौथी मंजिल पर लगी। पुलिस का कहना है कि नौ साल के एक बच्चा लाइटर से खेल रहा था और तब ये आग फैलना शुरू हुई। राहत अभियान के दौरान चार दमकलकर्मी घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है।
स्थानीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रचार विभाग के प्रमुख ने कहा है कि मॉल के नौ प्रबंधकों को हिरासत में ले लिया गया है। बीते साल जून महीने में उत्तरी चीन के जी लिन के एक पोल्ट्री फार्म में लगी आग से 120 लोगों की मौत हो गई थी।
जांच के बाद यह कहा गया कि बाहर निकलने के रास्ते बंद कर दिए गए थे, लोग घबराकर बाहर निकलने लगे और भगदड़ मच गई। भगदड़ के कारण ही ज़्यादा लोग मारे गए थे।