उत्तरी स्पेन की एक महिला राजनेता की सरेआम गोली मार कर हत्या कर दी गई है। इस मामले में दो महिलाओं को गिरफ़्तार किया गया है।
स्पेन में लियोन की प्रांतीय सरकार की प्रमुख और देश में सत्तारूढ़ पीपुल्स पार्टी (पीपी) की सदस्य इसाबेल करास्को (59) को उस समय गोली मारी गई जब वो पैदल पुल पार कर रही थीं।
इस बात की भी ख़बरें हैं कि पुलिस प्रमुख की बेटी को अभी हाल में प्रांतीय परिषद की नौकरी से निकाला गया था। इस घटना के बाद स्पेन के प्रधानमंत्री ने अपने सभी आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
करास्को लिओन में सत्ताधारी पार्टी की प्रमुख थीं। उनकी मौत पर विपक्षी सोशलिस्ट पार्टी और अन्य दलों ने शोक जताते हुए चुनाव अभियान को रद्द कर दिया है।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया, ''हम इस मामले में दोनों महिलाओं के शामिल होने की जांच कर रहे हैं।''
'एल पेस' अख़बार ने ख़बर दी है कि इस मामले में गिरफ़्तार महिलाएं लिओन प्रांत के अस्टोर्गा कस्बे के पुलिस प्रमुख की पत्नी और बेटी हैं। अख़बार का कहना है कि पुलिस इस मामले में इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद नहीं कर पाई है।