यूक्रेन के अधिकारियों का कहना है कि रूस समर्थक विद्रोहियों ने उनके दो लडाकू विमानों को मार गिराया है। लडाकू विमानों की गिराने की घटना यूक्रेन के पूर्वी हिस्से में हुई है।
विद्रोहियों का नेतृत्व कर रहे रूस के एक पूर्व अधिकारी ने दोनेस्क क्षेत्र में कम से कम एक जेट विमान को मार गिराने का दावा किया है।
यह इलाका उस स्थान के निकट है जहां पिछले गुरुवार को मलेशिया एयरलाइंस का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।
एक बीबीसी संवाददाता का कहना है कि लडाकू विमान कैसे गिराए गए और इनमें कितने लोग सवार थे, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।
इससे पहले, बुधवार को विद्रोहियों ने दोनेस्क के बाहरी इलाके से कब्जा हटा लिया और शहर के मध्य में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
यूक्रेन ने कहा है कि चरमपंथी संभवत: इस इलाके को पूरी तरह खाली करने की तैयारी कर रहे हैं।
यूक्रेन के प्रधानमंत्री अर्सेनी यात्सेनयुक ने कहा है कि चरमपंथियों की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष मदद करने वाले रूसी नागरिकों या कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए जाएंगे।