अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पूर्व प्रमुख डॉमनिक स्ट्रास कान ने कहा है कि वो 'तीन साल में केवल 12 सेक्स पार्टियों' में शामिल हुए। उन पर फ़्रांस के लिली के एक होटल में वेश्यावृत्ति रैकेट के लिए यौनकर्मियों की खरीद-फरोख्त में मदद करने का आरोप है। इसी मामले में मुकदमा भी चल रहा है।
उन्होंने अदालत से कहा कि अभियोजक उनकी हसीन शामों के बारे में बढ़ा-चढ़ाकर बता रहे हैं, जबकि तीन साल में ऐसी केवल 12 पार्टियां ही हुई थीं।अगर इस मामले में कान पर आरोप सिद्ध हो जाता है तो उन्हें 10 साल तक की सजा और 15 लाख यूरो का जुर्माना हो सकता है। इससे पहले मौनिया नाम की एक यौनकर्मी ने अदालत से कहा था कि उन्हें एक व्यापारी ने नौ सौ यूरो देकर खासतौर पर कान के लिए चुना गया था। न्यूयार्क में होटल की एक कर्मचारी से बलात्कार के प्रयास के आरोप लगने के बाद कान को 2011 में आईएमएफ के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था।