विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे
- फोटो : getty images
इक्वाडोर ने अमेरिकी चुनावों को प्रभावित करने वाले खुलासों के कारण विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे का इंटरनेट कनेक्शन काट दिया। असांजे इस समय लंदन एंबेसी में रह रहे हैं।
इक्वाडोर के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि इक्वाडोर की सरकार अन्य देशों के आंतरिक मामलों में दखल ना देने के सिद्धांत का सम्मान करती है। यह बाहरी चुनाव प्रक्रियाओं को किसी तरह प्रभावित नहीं होने देगी और ना ही यह किसी खास उम्मीदवार का पक्ष लेगी। परिणामस्वरूप, मंत्रालय ने दूतावास में अस्थायी तौर पर संचार सेवाओं को बाधित कर दिया है।
विकीलीक्स ने हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन के हैक किए गए ईमेल जारी कर दिए थे। विकीलीक्स ने सोमवार को इक्वाडोर पर आरोप लगाया कि उन्होंने अमेरिकी विदेश सचिव जॉन केरी के कहने पर असांजे का इंटरनेट कनेक्शन काट दिया। हालांकि, अमेरिका ने इस खबर का खंडन कर दिया। इक्वाडोर ने किसी अन्य देश के दवाब में ऐसा करने की बात को अस्वीकार कर दिया। उन्होंने कहा कि लागू प्रतिबंध विकीलीक्स को उसके पत्रकारी कामों को करने से नहीं रोकेंगे।