ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर ने इराक पर हमले के लिए पहली बार सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि हमले के कारण ही आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट को इराक में पनपने का अवसर मिला।
सीएनएन के साथ एक टीवी साक्षात्कार में ब्लेयर ने कहा कि वह वर्ष 2003 में सद्दाम शासन के खिलाफ किए गए हमले के लिए शर्मिंदा हैं। उन्होंने कहा कि हमले का फैसला गलत था। इस अभियान की योजना में कई खामियां रहीं।
ब्लेयर से पूछा गया था कि इराक में व्यापक विनाश के हथियार नहीं मिलने पर वह कैसा महसूस करते हैं। सीएनएन यूरोप पर ब्लेयर का यह साक्षात्कार रविवार को प्रकाशित किया गया।
यह सीएनएन की लंबी डाक्यूमेंट्री ‘लांगर रोड टू हेल: अमेरिका इन इराक’ का हिस्सा है। ब्लेयर का यह साक्षात्कार भारत में पैदा हुए अमेरिकी पत्रकार फरीद जकारिया ने लिया।