आपने सोया मिल्क, ओट्स मिल्क और बादाम मिल्क के बारे में तो सुना ही होगा। मगर क्या आपने कभी कॉकरोच मिल्क के बारे में सुना है? अब आप कहेंगे कि कॉकरोच कैसे दूध दे सकता है? तो हम आपको बताते हैं कि एक शोध में खुलासा हुआ है कि कॉकरोच के शरीर में पोषक तत्वों से भरपूर मिल्क क्रिस्टल मौजूद होते हैं। इनका उपयोग कॉकरोच अपने छोटे बच्चों को खाना खिलाने के लिए करते हैं। यह मनुष्यों के लिए भी काफी फायदेमंद होता है।
आपके लिए इस तरह है महत्वपूर्ण
कॉकरोच का दूध पोषक तत्वों का पावरहाउस होता है। यह पूरी रिपोर्ट इंटरनेशनल यूनियन ऑफ क्रिस्टलोग्राफी के एक शोध में प्रकाशित हुई है। शोध के अनुसार कॉकरोच के दूध में गाय के दूध के मुकाबले चार गुना और भैंस के दूध के मुकाबले तीन गुना ज्यादा
पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसके अलावा कॉकरोच के दूध में अमीनो एसिड पाया जाता है जो सेल की ग्रोथ को बढ़ावा देता है। इस दूध में पाए जाने वाले लिपिड्स हमारे शरीर को स्वस्थ रखते हैं और इसका शुगर, शरीर को काफी ऊर्जा प्रदान करता है। शोधार्थी संचारी बनर्जी का कहना है, 'यह मिल्क क्रिस्टल एक पूर्ण खाने की तरह होते हैं। जिसमें प्रोटीन, फैट और शुगर मौजूद होता है।'
कैसे पी सकते हैं कॉकरोच मिल्क
कॉकरोच से दूध निकालना आसान नहीं है। रिपोर्ट्स का कहना है कि कॉकरोच मिल्क भविष्य में ज्यादा व्यवहार्य हो सकता है। भविष्य में यह एक गोली के तौर पर मिलेगा। इस दूध से एक गोली बनाने के लिए लगभग 100 कॉकरोच की जरूरत पड़ेगी।
क्या यह खूबसूरती में लाभदायक है
मैरी क्लेयर की रिपोर्ट के अनुसार, अभी तक कॉकरोच मिल्क द्वारा ग्रोथ हार्मोन के स्तर का पता नहीं चला है लेकिन इस बात के सबूत मौजूद हैं जिनसे पता चलता है कि यह कुछ लोगों में मुंहासे बढ़ाने में मददगार है। इसके दूध में मौजूद शुगर का उच्च स्तर इसे स्किन हेल्थ और ब्यूटी के लिहाज से खराब पसंद बनाता है। यह बात सभी को पता है कि हाई शुगर डाइट असल में त्वचा की उम्र बढ़ाते हैं।