धमाकों में मरने वालों की तादाद 125 के आसपास पहुंच गई है।
- फोटो : Reuters
इराक की राजधानी बगदाद में हुए दो धमाकों में मरने वालों की तादाद 125 के आसपास पहुंच गई है। चरमपंथी संगठन इस्लामिक स्टेट ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। बगदाद के कराडा जिले में एक विस्फोटकों से भरी लॉरी से एक रेस्तरां के पास धमाका किया गया। धमाके के वक्त रमजान में रोजे रखने वाले लोग वहां बड़ी तादाद में मौजूद थे।
दूसरा धमाका बगदाद के उत्तर में स्थित एक शिया बहुल इलाके में हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है। कराडा में घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे इराकी प्रधानमंत्री हैदर अल आब्दी पर गुस्साए लोगों ने पथराव किया है।
घटना शनिवार शाम की है। वहां की व्यस्त सड़क रमजान के महीने में शाम के वक्त खरीददारी करने वालों से पूरी तरह भरी हुई थी। ये बम धमाके इराकी सेना के फलूजा को इस्लामिक स्टेट के कब्जे के छुड़ाने के एक सप्ताह के बाद ही हुए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक यह शहर बगदाद पर हमला करने के लिए आईएस के लिए लांचिंग पैड का काम करता था। इराक के उत्तर और पश्चिमी इलाकों पर आईएस का कब्जा है। इनमें इराक का दूसरा सबसे बड़ा शहर मोसूल भी शामिल है। आईएस पर इराक और पड़ोसी देश सीरिया ने भारी दवाब बनाया है।