समुद्री तूफान वॉन्गफॉन्ग की वजह से दक्षिणी जापान के ओकिनावा द्वीप पर तेज हवाएं और भारी बारिश हुई है। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक वॉन्गफॉन्ग अब वहां से उत्तर दिशा की ओर क्यूशु द्वीप की ओर बढ़ रहा है।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक इस तूफान में कई लोग घायल हुए हैं। तूफान की जद में आने वाले हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है।
शुरुआत में वॉन्गफॉन्ग के शक्तिशाली तूफान होने की आशंका व्यक्त की गई थी लेकिन अब इसकी रफ्तार धीमी होनी शुरू हो गई है। वॉन्गफॉन्ग की मौजूदा रफ्तार 170 किलोमीटर प्रतिघंटे से ज्यादा है।
टोक्यो में मौजूद बीबीसी संवाददाता ने बताया कि तूफान धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और इसमें बडी मात्रा में नमी है। उत्तर की ओर जाने पर इससे भूस्खलन और बाढ़ का खतरा है।