बलूचिस्तान के खारन जिले के ग्वाश इलाके में बुधवार सुबह चार मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। खारन के पुलिस अधिकारी ने बताया कि खारन-मच राजमार्ग पर काम कर रहे कर्मचारियों पर अज्ञात बंदूकधारियों ने अंधा-धुंध गोलीबारी कर दी। जिससे चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रिब्यून एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक खारान के सूत्रों ने बताया, "जब मजदूरों को निशाना बनाया गया तब वह चीन-पाक आर्थिक कॉरिडोर (CPEC) रोड पर काम कर रहे थे।" मृतक को जिला मुख्यालय अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया जहां उनकी पहचान सुरब खान, निआजी, साजन और गुलाम मुस्तफा के रूप में हुई। मृतक कथित तौर पर सिंध के घोटकी क्षेत्र के रहने वाले थे। हालांकि अभी तक किसी ग्रुप ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।