फ्रांस की शीर्ष अदालत ने मुस्लिम महिलाओं के बुर्किनी पहनने पर लगे प्रतिबंध को हटा दिया है। अदालत ने कहा कि बुर्किनी पर प्रतिबंध लगाना व्यक्तिगत आजादी, विचारों की स्वतंत्रता और बेरोकटोक आने जाने के अधिकार का गंभीर उल्लंघन एवं गैर कानूनी है। लिहाजा इसको खारिज किया जाता है। दरअसल, फ्रांस के 30 से ज्यादा शहरों में बुर्किनी पहनने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। वहीं, मुस्लिमों की लोकप्रिय पोशाक बुर्किनी के समर्थन में महिलाएं आगे आ रही हैं।
शुक्रवार को पश्चिमी लंदन के नाइट्सब्रिज इलाके में महिलाओं ने फ्रांस के दूतावास के सामने एक ‘बीच पार्टी’ आयोजित की। महिलाएं पार्टी में बिकनी और बुर्किनी पहनकर शामिल हुईं। यह विरोध फ्रांस के नीस शहर में एक मुस्लिम महिला की समुद्र तट पर पुलिस द्वारा बुर्किनी उतरवाने के विरोध में किया गया।
‘वीयर व्हॉट यू वॉन्ट बीच पार्टी’ नाम के इस प्रदर्शन पर एक आयोजक ने कहा कि इस पार्टी के माध्यम से हम यह बताना चाहते हैं कि हम फ्रांस सहित पूरी दुनिया की मुस्लिम महिलाओं के साथ हैं।