नॉर्वे की प्रधानमंत्री एर्ना सोलबर्ग ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आतंकवाद के सभी प्रकारों से मुकाबला करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वाकई यह घटना बहुत दुखद है। मलयेशिया के प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद ने उम्मीद जताई कि न्यूजीलैंड जिम्मेदार आतंकियों को गिरफ्तार करेगा और कानून के तहत जरूरी कार्रवाई करेगा। दुनिया में सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाले इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विदोयो ने कहा, ‘‘हम इस तरह के हिंसक हमलों की कड़ी निंदा करते हैं।’’
ब्रिटिश प्रधानमंत्री थेरिसा मे ने क्राइस्टचर्च में भयावह आतंकी हमले के बाद गहन संवेदना प्रकट की। लंदन की पुलिस सेवा ने कहा कि वह मस्जिदों के आसपास मुस्तैदी बढ़ा रही है और हर धर्म के समुदायों से संवाद कर रही है। ऑस्ट्रेलिया में न्यू साउथ वेल्स की पुलिस ने कहा कि एहतियातन मस्जिदों के आसपास गश्त बढ़ाई जा रही है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन ने कहा, ‘‘मुझे आशा है कि इस हमले के जिम्मेदार लोगों को कठोर सजा दी जाएगी।’’ जर्मन चांसलर एंजिला मर्केल ने कहा कि हम इस तरह के आतंकवाद के कृत्यों के खिलाफ एक साथ खड़े हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने भी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि फ्रांस किसी भी तरह के आतंकवाद के खिलाफ खड़ा है।
नाटो प्रमुख जेन्स स्टोल्टेनबर्ग ने कहा कि अमेरिका नीत बल अपने खुले समाज और साझा मूल्यों के बचाव में हमारे दोस्त और साझेदार देश न्यूजीलैंड के साथ खड़ा है। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने कहा कि पीड़ितों, परिवारों और न्यूजीलैंड सरकार के साथ उनकी संवेदना है।