चीन ने साढ़े सात प्रतिशत वृद्धि दर हासिल करने का लक्ष्य तय किया है और अपने रक्षा बजट में 12.2 प्रतिशत की वृद्धि करने का एलान किया है। ये घोषणाएं बुधवार से शुरू हुई चीन की सत्ताधारी पार्टी की पीपल्स कांग्रेस के अवसर पर की गई हैं। इनके अलावा जिन अन्य मुद्दों पर पीपल्स कांग्रेस में चर्चा होगी उमें भ्रष्टाचार से लड़ना और पर्यावरण से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। चीनी प्रधानमंत्री ली कछियांग ने कांग्रेस में आए प्रतिनिधियों को बताया कि सरकार प्रदूषण के ख़िलाफ़ 'युद्ध छेड़ेगी' और 'आतंकवाद के ख़िलाफ़ भी कड़े क़दम' उठाए जाएंगी।
ये कांग्रेस ऐसे समय में हो रही है जब शी जिनपिंग को चीन का राष्ट्रपति पद संभाले एक साल पूरा हो गया है। दस दिन तक चलने वाली इस बैठक में तीन हज़ार प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं जिनका संबंध पूरे चीन से है। कांग्रेस के उद्घाघन सत्र में चीनी प्रधानमंत्री ने सरकार के कामकाज की रिपोर्ट पेश की जिसमें अर्थव्यवस्था पर ख़ास तौर से ज़ोर दिए जाने की बात कही गई है।