भारत और चीन ने सीमा विवाद समेत कई मुद्दों पर गतिरोध कम करने संबंधी समझौतों पर काम करना शुरू कर दिया है। इन समझौतों को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी चीन यात्रा के दौरान अंतिम रूप दिया जाएगा।
चीन में भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बताया कि नरेंद्र मोदी चीन का दौरा 26 मई से पहले तब करेंगे जब उनकी सरकार एक वर्ष का कार्यकाल पूरा करेगी। समझौतों की शुरुआत के तौर पर फिलहाल दोनों देश तिब्बत स्थित मानसरोवर जाने के एक अतिरिक्त रास्ते के लिए तैयार हो गए हैं।
रविवार को चीनी नेताओं के साथ बैठक के बाद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पत्रकारों को बताया, “दोनों देशों में इस समय मजबूत नेता हैं और दोनों ही देश सीमा समस्या का स्थाई हल निकालने के इच्छुक हैं।”
उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने मुद्दों की पहचान के लिए एक कॉन्टैक्ट ग्रुप बना दिया है और नरेंद्र मोदी की चीन यात्रा के दौरान इस पर कार्रवाई शुरू होगी।
इसका मक़सद ये है कि दोनों देशों के बीच पहले मतभेद के क्षेत्रों की पहचान की जाए और फिर उन्हें कैसे कम किया जाए, इस पर काम होगा।