अफगानिस्तान के जाबुल प्रांत में रविवार को यात्रियों से भरी बस और तेल के टैंकर में भयंकर भिड़ंत होने से 36 लोगों की मौत हो गई और करीब 25 लोग घायल हो गए। बस कंधार से काबुल जा रही थी। हादसे में मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी हैं। आग लगने से शवों के जल जाने की वजह से कई मरने वालों की पहचान नहीं हो पाई है। घायलों को जाबुल की राजधानी कलात और कंधार प्रांत ले जाया गया है। कुछ लोगों की हालत गंभीर है।
जाबुल में प्रांतीय गवर्नर के प्रवक्ता गुल इस्लाम सेयल ने कहा कि,'बस और टैंकर के ड्राइवरों के लापरवाही से वाहन चलाने के कारण यह हादसा हुआ है।' काबुल और कंधार रोड पर आतंकवादी गतिविधियां काफी होती हैं इससे बचने के लिए ड्राइवर यहां काफी तेज वाहन चलाते हैं। मई में भी गजनी प्रांत में दो बसों और टैंकर की टक्कर में 73 लोगों की मौत हो गई थी। इसी तरह के एक और हादसे में अप्रैल 2013 में 30 लोगों की जान चली गई थी।