बांग्लादेश में ढाका आतंकवादी हमले में शामिल एक ब्रिटिश नागरिक को कोर्ट ने जेल भेजा है। इस हमले में भारतीय लड़की सहित 22 लोगों की मौत हुई थी। ब्रिटश नागरिक प्राइवेट यूनिवर्सिटी का पूर्व टीचर है और उसे गुलशन अटैक केस में गिरफ्तार किया गया था।
47 वर्षीय ब्रिटिश नागरिक हसनत रेजा करीम नॉर्थ साउथ यूनिवर्सिटी का पूर्व टीचर है। मेट्रपॉलिटन मजिस्ट्रेट एहसान हबीब की कोर्ट में हसनत को पेश किए जाने के बाद जज ने जेल भेजने का आदेश दिया। डेली स्टार के मुताबिक 24 अगस्त को कोर्ट में हसनत द्वारा दायर की गई जमानत याचिका पर सुनवाई होगी। गुलशन अटैक केस में गिरफ्तार हसनत को 16 दिन की रिमांड पूरी होने के बाद जेल भेज दिया गया।
ढाका मेट्रपॉलिटन पुलिस के डिप्टी कमिशनर मसूद उरहमान ने पत्रकारों से कहा वे हसनत की दोबारा रिमांड की मांग नहीं करेंगे। उन्होंने कहा हसनत से दो अवधि की रिमांड के दौरान जो सूचनाएं मिली हैं उसकी जांचपड़ताल की जा रही है। अगर जरूरत होगी तो हम फिर से रिमांड की मांग करेंगे।
गुलशन अटैक केस में हिरासत में लिए गए हसनत को 13 अगस्त को आतंकी घटना से जुड़े होने की वजह से गिरफ्तार किया गया। हसनत की इस केस में पहली गिरफ्तारी है। ढाका में पिछले महीने गुलशन कैफे पर पांच आतंकियों ने हमला कर लोगों को बंधक बना लिया था। इस हमले में भारतीय लड़की सहित 22 लोगों की मौत हुई थी।।