सऊदी अरब के तीन शहर सोमवार को आत्मघाती हमले से थर्रा उठे। पवित्र माह रमजान में हुए इन धमाकों में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए। हमलावरों ने इस्लाम में दूसरे सबसे पवित्र शहर मदीना स्थित पैगंबर मस्जिद के सुरक्षा मुख्यालय, अमेरिकी राजनयिकों और शियाओं को निशाना बनाया।
ये हमले ऐसे समय हुए हैं जब कुछ दिन पहले ही आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने एक के बाद एक तुर्की, बांग्लादेश और इराक में बड़ी तादाद में लोगों की हत्याएं की। माना जा रहा है ईद-उल-फितर के त्योहार को देखते हुए ये हमले किए गए हैं।
मदीना में पैगंबर मस्जिद के सुरक्षा मुख्यालय के पास आत्मघाती धमाके में हमलावर के अलावा चार सुरक्षाकर्मियों और दो नागरिकों की मौत हो गई। हालांकि सऊदी की सरकारी अल-अरबिया टेलीविजन ने मदीना धमाके में तीन आत्मघाती हमलावरों के अलावा दो सुरक्षा अधिकारियों के मारे जाने की खबर दी है। मीडिया में आई तस्वीरों में पार्किंग एरिया से धुआं उठता दिखा।
उधर, पूर्वी सऊदी अरब के कातिफ में एक शिया मस्जिद के बाहर एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। आसपास के लोगों ने घटना स्थल की तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें सड़क पर मामूली आग जलती दिख रही है। इससे पहले जेद्दा शहर में सोमवार तड़के अमेरिकी मिशन के पास भी आत्मघाती हमला हुआ।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हमलावर मारा गया है, किसी अन्य के मरने की कोई सूचना नहीं मिली है। एक सऊदी सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जेद्दा में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास एक हमलावर ने कार पार्क की और फिर धमाका कर दिया।
हमले के बाद वाणिज्य दूतावास के अधिकतर कर्मचारियों ने अपना कार्यालय किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर दिया। विस्फोट में दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा कि अमेरिकी अधिकारियों को जेद्दा में हुए विस्फोट की जानकारी है और वे अधिक जानकारी एकत्र करने के लिए सऊदी अरब के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।