अधिकारियों के अनुसार पूर्वी अफगानिस्तान में एक वॉलीबॉल टूर्नामेंट के दौरान एक आत्मघाती हमले में कम से कम 45 लोग मारे गए हैं।
पकतिका प्रांत के एक प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि मैच देखने के लिए इकट्ठा हुई भीड़ के बीच हमलावर ने खुद को बम से उड़ा दिया। याहयखाली जिले में हुए इस आत्मघाती हमले में लगभग 60 लोग जख्मी भी हुए हैं।
नैटो की नई सेना
शनिवार को अफगानिस्तान की संसद के नैटो और अमेरिकी सैनिकों के अफगानिस्तान में ही बने रहने के प्रस्ताव को मंजूरी देने के बाद यह घटना हुई है।
अफगानिस्तान से अधिकतर विदेशी सैनिक अगले महीने स्वदेश लौट जाएंगे। अफगानिस्तान में रुकने वाली नैटो की नई सेना में लगभग 12,000 सैनिक होंगे। उनका काम अफगान सुरक्षा बलों को प्रशिक्षण और उन्हें सलाह देना होगा।
इसके अलावा अमेरिकी सैनिकों का एक जत्था अल-कायदा चरमपंथियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगा।
रविवार को हुए इस हमले के बाद पकतिका प्रांत के प्रवक्ता मोखिस अफगान ने कहा, "मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां जमा थे। बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं और हमारी सूचना के अनुसार उनमें से कई की हालत गंभीर है।"