जार्जिया के मास्को समर्थित एवं अलग हो चुके अबखाजिया क्षेत्र में , रखे गए गोलाबारूद में विस्फोट होने से 50 से ज्यादा लोग घायल हो गये। क्षेत्र के स्वास्थ्य मंत्री तमाज सखनाकिया ने रूस की समाचार एजेंसियों को बताया कि यह विस्फोट बुधवार को काले सागर के करीब प्रीमॉर्स्की क्षेत्र में स्थित हथियार गोदाम में हुआ।
उन्होंने बताया कि विस्फोट में छुट्टी मना रहे रूस के 19 नागरिक घायल हुये हैं। इनमें से ज्यादातर लोग विस्फोटक के छर्रो से घायल हुये हैं। सखनाकिया ने बताया कि अधिकतर घायलों की हालत स्थिर है।
अलगाववादी प्रांत अबखाजिया के गृह मंत्री असलान कोबाखिया ने बताया कि काले सागर के किनारे स्थित लड़ाई के हथियार रखने वाले गोदाम में हुए विस्फोट में किसी की मौत नहीं हुयी है।
उल्लेखनीय है कि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अबखाजिया को पूर्ववर्ती सोवियत संघ के छोटे से देश जॉर्जिया के हिस्से के तौर पर मान्यता प्राप्त है। वहीं अबखाजिया सोवियत संघ के विघटन और संघर्ष से गुजरने के बाद स्वतंत्र देश होने का दावा करता है।