बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने बुधवार को कहा कि उन्होंने सरकारी नौकरी में कोटा सिस्टम को खत्म करने का फैसला लिया है।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से बांग्लादेश में हजारों छात्र विशेष समूहों के लिए सरकारी नौकरी में विवादास्पद कोटा नीति का विरोध कर रहे हैं। जिसके बाद हसीना ने सरकारी नौकरियों के लिए पूरी तरह से कोटा प्रणाली को खत्म करने का सुझाव दिया है।
हसीना नें संसद में कहा, ‘कोटा प्रणाली को समाप्त कर दिया जाएगा, क्योंकि छात्रों को यह नहीं चाहिए। वे (छात्र) बहुत विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं, अब उन्हें घर वापस आने देना चाहिए।’
हालांकि उन्होंने कहा कि सरकार विकलांगों, पिछड़ी जातियों व अल्पसंख्यकों के लिए नौकरियों के लिए विशेष व्यवस्था कर सकती है। गौरतलब है प्रदर्शन रविवार को ढाका विश्वविद्यालय से शुरू हुआ और धीरे-धीरे पूरी राजधानी इसके आगोश में आ गई। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई में 100 से अधिक छात्र घायल भी हुए।