पेरिस हमले के मुख्य संदिग्ध और यूरोप के मोस्ट वांटेड आतंकवादी सलाह अब्देसलाम और उसके साथी को शनिवार को ब्रुसेल्स के सैंट पियरे अस्पताल से ले जाया गया है। गिरफ्तारी के दौरान गोलीबारी में घायल होने के बाद इन आतंकियों का रात भर इस अस्पताल में इलाज किया गया। सिटी मेयर यवान मेयूर ने ट्वीट कर बताया कि दोनों संदिग्ध आतंकवादियों को अस्पताल से ले जाया गया है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया है कि दोनों आतंकवादियों को कहां ले जाया गया है। पेरिस आतंकी हमले मामले में फ्रांस को प्रत्यारोपित करने की सुनवाई से पहले इन आतंकियों से पूछताछ की जा सकती है। मालूम हो कि नवंबर में फ्रांस में हुए इस आतंकी हमले में 130 लोगों की जान चली गई थी।
मामले के संदिग्ध आतंकवादी 26 वर्षीय अब्देसलाम और चार अन्य संदिग्धों को शुक्रवार को ब्रुसेल्स से गिरफ्तार किया गया था। अभियोजक ने बताया कि गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी के दौरान आतंकी अब्देसलाम के पैर में मामूली चोट आ गई थी।
यूरोपीय संघ के शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए ब्रुसेल्स में मौजूद फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने आतंकियों की गिरफ्तारी की सराहना की है। उन्होंने कहा कि उनका देश अब्देसलाम के जल्द से जल्द प्रत्यर्पण के लिए बेल्जियम से अपील करेगा। इसके अलावा मोलेनबीक में अब्देसलाम को शरण देने वाले एक परिवार के तीन सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया है।