अल-क़ायदा ने इस बात की पुष्टि की है कि संगठन के अरब द्वीप के नेता नासिर अल-वुहैशी यमन में हुए अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए हैं। संगठन के एक्यूएपी समूह ने एक ऑनलाइन वीडियो में वुहैशी की मौत की पुष्टि की।
संगठन के अनुसार उनकी जगह सेना प्रमुख क़ासिम अल-रायमी लेंगे। वुहैशी को अल-क़ायदा में दूसरे नंबर का नेता माना जाता था। वो अल क़ायदा के संस्थापक ओसामा बिन लादेन के निजी सचिव भी रह चुके थे। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार वुहैशी ने अल-क़ायदा के सबसे सक्रिय समूहों में से एक का गठन किया था।
यमन में अल-क़ायदा लड़ाकों ने हूती शिया विद्रोहियों के नियंत्रण वालों इलाक़ों अपना कब्जा स्थापित किया है। इसमें उन्हें सऊदी अरब के नेतृत्व वाले हवाई हमले से भी अपरोक्ष मदद मिली।