सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में एक होटल पर बंदूकधारियों के हमले में कम से कम दस लोग मारे गए है।
मरने वालों में दो सांसद भी शामिल है जो उस होटल में रह रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर एम्बेसडर होटल के बाहरी गेट पर धमाका करने के बाद होटल में दाखिल हुए।
माना जाता है कि इस होटल में नेता और सरकारी अधिकारी ठहरते है।
हमले के फौरन बाद चरमपंथी संगठन अल-शबाब ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
मोगादिशु में बीबीसी की सोमालिया सेवा के संवाददाता इब्राहिम अदन का कहना है कि इस धमाके से इमारत को काफी नुकसान पहुंचा है।
इस धमाके की वजह से कम से कम 40 लोगों के घायल होने की खबर है।
सोमालिया में अल शबाब संयुक्त राष्ट्र समर्थित सरकार से लड़ रहा है।
अल शबाब को वर्ष 2011 में मोगादिशु से खदेड़ दिया गया था लेकिन फिर भी ये समूह मोगादिशु के लिए खतरा बना हुआ है।