आतंकवादी हमलों की लगातार मार झेल रहे ईरान पर एक बार फिर बड़े हमले की खबर सामने आई है। ईरान की स्थानीय मीडिया की खबर के मुताबिक इस बार ईरान की संसद को निशाना बनाया गया, जहां करीब तीन हमलावरों ने फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। वहीं इस हमले की जिम्मेदारी ISIS ने ली है।
इतना ही नहीं हमलावरों ने खुद को बचाने के लिए लोगों को बंधक भी बनाया। इन आतंकी हमलों में कथित तौर पर एक गार्ड समते 7 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई घायल हुए हैं। इस हमले के अलावा ईरान की राजधानी तेहरान के दक्षिणी हिस्से में स्थित खुमैनी स्मारक पर भी आतंकियों ने आत्मघाती हमला किया। इमाम खमैनी स्मारक पर हुए हमले में 2 आतंकी की मौत हुई जबकि 5 लोग घायल हुए।
हमले की जिम्मेदारी दुर्दांत आतंकवादी संगठन आईएस ने ली है। ईरान के सुरक्षा मंत्रालय ने बताया कि सुरक्षाबलों ने एक आतंकवादी टीम को गिरफ्तार किया है जो तीसरे हमले की फिराक में थी। उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं आईएस ने बयान जारी करके इस हमले की जिम्मेदारी ली है। खास बात ये है कि ये ईरान में आईएस की ये पहली दस्तक है, इससे पहले वह कई बार ईरान में हमले की धमकी दे चुका था। सीरिया और इराक में ईरान की फौज के मदद करने के कारण आईएस लगातार ईरान को अंजाम भुगतने की धमकी देता आ रहा था।
वहीं हमले के बाद देश के डिप्टी इंटीरियर मिनिस्टर मोहम्मद हुसैन जोलफाघरी ने ईरान के स्टेट टीवी को बताया कि हमलावरों में से एक औरत की वेशभूषा में था। शुरूआत में सुरक्षा दल उसे पहचान नहीं पाए, वह क्लाशनिकोव रायफल से लैस होकर हमला करने आया था। हमलावरों में से दो के पास एके-47 रायफल और एक पिस्टल से लैस था।
ईरान के चैनल आईआरआईबी ने बताया कि एक हमलावर आत्मघाती के तौर पर हमला करने पहुंचा जबकि बाकी दो हमलावरों ने हैंड ग्रेनेड से अटैक कर धमाका किया।
A gunman opened fire on pilgrims at Imam Khomeini mausoleum in Tehran, Iran, injuring a number of people, reports state news agency IRNA
— ANI (@ANI_news) June 7, 2017
न्यूज एजेंसी टोलो की खबर के मुताबिक संसद पर हमला करने वाले एक आतंकी को सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आतंकी भागने के लिए बिल्डिंग से निकल चुका था, लेकिन उसे पकड़ने में सुरक्षाकर्मी कामयाब रहे।
बताया जा रहा है कि हमलावरों के पास एके-47 राइफल है। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा एवं विदेश नीति कमेटी के प्रवक्ता हुसैन नघवी हुसैनी ने इस बात की पुष्टि की है कि एक हमलावर गिरफ्तार कर लिया गया है।