ब्राजील की पुलिस ने एक कुख्यात ड्रग माफिया लुइज कार्लोस डे रोशा को पकड़ा है।अधिकारियों ने बताया कि लुइज ने प्लास्टिक सर्जरी करवा रखी थी जिसकी वजह से उन्हें पकड़ने में पुलिस को लगभग तीस साल लग गए। उनके बारे में माना जाता है कि वो दक्षिण अमरीका में कोकीन के विशाल धंधे के सरगना हैं।
पुलिस ने बताया है कि लुइज को पचास साल से ज़्यादा की सजा हुई है। पुलिस के बयान के मुताबिक लुइज रोशा को ब्राजील के पश्चिमी प्रांत माटो ग्रोसो के सोरीसो से गिरफ्तार किया गया है। ड्रग माफिया इस शहर में नकली नाम वाइटर लुइज डे मोरास के नाम से रह रहे थे।लुइज रोशा की पुरानी तस्वीर और नई तस्वीर की जब तुलना की गई तो पाया गया कि, "लुइज़ कार्लोस डे रोशा और वाइटर लुइज डे मोरास एक ही इंसान हैं।"
ब्राजील की पुलिस ने बताया कि लुइज़ का गैंग अपनी हिंसक गतिविधियों, सशस्त्र एस्कॉर्ट्स, बख्तरबंद कारों और भारी हथियारों के लिए जाने जाते थे।उनका गैंग बोलीविया, पेरू और कोलंबिया में कोकीन का उत्पादन करता था और इसे यूरोप और अमरीका भेजा करता था। पुलिस का अनुमान है कि उनका गैंग हर महीने पांच टन कोकीन का उत्पादन करता था।