ब्राजील के सैंटा मारिया में नाइट क्लब में लगी आग के चश्मदीदों ने मीडिया से बातचीत में इस खौफनाक वाकये की दास्तान बयां की है। किस क्लब में कई सौ लोग मौजमस्ती के लिए जमा हुए थे जब ये हादसा हुआ।
20 वर्षीय इन्ग्रिड गोल्डानी छह हफ्तों से इस क्लब में काम कर रही थीं। उनके मुताबिक शनिवार रात को वहाँ दो बैंड अपने गीत पेश कर रहे थे। एक स्थानीय अखबार से बातचीत में उन्होंने कहा कि आग उस वक्त शुरू हुई जब एक बैंड के सदस्य ने शो की शुरुआत के 10 मिनट बाद आग जलाई जो तेजी से स्टेज पर फैल गई।
गोल्डानी के अनुसार तीन मिनट में ही आग ने क्लब को अपनी पकड़ में ले लिया। उन्होंने कहा, “बैंड ने पानी से आग बुझाने की कोशिश की लेकिन वो सफल नहीं हो पाए। उसके बाद उन्होंने अग्निशामक यंत्र का सहारा लिया लेकिन ये सब बहुत तेजी से हुआ।”
किस्मत
23 वर्षीय फर्नांडा फ्रेयर गोम्स बाना नाइटक्लब में फोटोग्राफर थीं। आग जब शुरू हुई तब वो क्लब के वीआईपी क्षेत्र में थीं। उन्होंने ग्लोब समाचारपत्र को बताया कि वो बाहर भाग पाने में इसलिए कामयाब हो पाईं क्योंकि वो दरवाजे के पास थीं।
उन्होंने भी बैंड के सदस्य के हाथ में आग के शोले देखे थे। उन्होंने कहा, “मैंने कुछ चिंगारियाँ देखीं, लोग चिल्ला रहे थे और मुझे लगा कि वहाँ लोग लड़ रहे हैं। तब लोगों ने आग, आग चिल्लाना शुरू कर दिया। मैंने लोगों को भागते हुए देखा। मैंने भी भागना शुरू कर दिया।”
26 वर्षीय मेडिकल छात्रा मुरीलो डी तोलेदो ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों को पहले समझ नहीं आया कि क्या हो रहा है और उन्होंने लोगों को भागने से रोकने की कोशिश की। उन्होंने बताया, “जो लोग बाहर आ पाने में सफल हुए, उन्होंने अंदर फंसे लोगों को बाहर खींचने की कोशिश की। हमने कई लोगों को बाहर निकाला। मैंने एक लड़की का बाल खींचकर बाहर निकाला। वहाँ चारों कोलाहल था।”