इराक के उत्तरी इलाके में स्थित शहर किर्कुक से छुड़ाई गई 11 भारतीय नर्सें भारत वापस लौट रही हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैय्यद अकबरूद्दीन ने ट्वीट कर के बताया है कि ये नर्सें सात फरवरी को इरबिल से भारत पहुंच रही हैं।
इससे पहले उन्होंने मीडिया ब्रीफिंग में बताया था कि इन नर्सों को किर्कुक के संघर्ष वाले क्षेत्र से सफलतापूर्वक निकाल लिया गया है और अब वे इरबिल में सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया था कि अधिकारी उन्हें वापस भारत भेजने के इंतजाम में लगे हुए हैं। ये सभी नर्सें केरल की हैं।
केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी को भी यह सूचना दी है कि किर्कुक से नर्सों को छुड़ा लिया गया है। इराक में इस्लामिक स्टेट के चरमपंथियों ने कई शहरों पर कब्जा जमा रखा है।