ब्रिटेन में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका तेज होती जा रही है। अनलॉक होने के बाद देश में कोरोना संक्रमण तेजी से पैर पसारने लगे हैं। 23 दिन से अनलॉक के बाद ब्रिटेन में बुधवार को कोरोना के 7540 नए मामले सामने आए हैं। एक दिन में कोरोना की इतनी संख्या ने सरकार और लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले एक हफ्ते से कोरोना के 5000 से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। इससे पहले कोरोना के मामले कम हो गए थे, लेकिन 103 दिन बाद कोरोना के रिकॉर्ड केस दर्ज किए गए हैं।
इससे पहले 26 फरवरी को 7401 केस मिले थे। बढ़ते आंकड़ों ने लॉकडाउन की आशंका को बढ़ा दी है। हालांकि, लॉकडाउन पर अभी संशय है। बताया जा रहा है कि 21 जून तक कोरोना की रफ्तार अगर इसी तरह बढ़ती रही तो सरकार फिर से लॉकडाउन लागू करने पर विचार करेगी।
एक हफ्ते से मिल रहे 5500 केस
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रिटेन में साप्ताहिक केसों में भी बढ़ोतरी हुई है। देश में एक हफ्ते से लगातार 5500 से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं। पिछले साल क्रिसमस के 165 दिन बाद यह पहली बार है, जब देश में कोरोना के साप्ताहिक केस 90% तक बढ़ गए हैं। ब्रिटिश वैज्ञानिक प्रोफेसर नील फर्ग्यूसन के मुताबिक, डेल्टा वैरिएंट के कारण ब्रिटेन में तेजी से केस बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी दो से तीन हफ्तों तक नए केस और बढ़ सकते हैं। हालांकि, कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि ब्रिटेन में भले ही केस बढ़ रहे हैं, लेकिन ज्यादा खतरा नहीं है। बुधवार को पूरे देश में सिर्फ 6 मरीजों की मौत हुई और 2234 लोग ठीक हुए। बता दें कि ब्रिटेन में अब तक कोरोना के 45.3 लाख मरीज मिल चुके हैं। वहीं 1.28 लाख लोगों की जान जा चुकी है।
इंडोनेशिया व रूस में भी बढ़े मामले
इंडोनेशिया में बुधवार को 100 दिन बाद सबसे ज्यादा 7725 केस मिले, जबकि 175 लोगों की मौत हुई। वहीं रूस में पिछले 24 घंटे में 10,407 मामले सामने आए हैं। यह संख्या मार्च के बाद सबसे ज्यादा है।