कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ब्रिटेन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बात पार्टी सुप्रीमो सोनिया गांधी से कराई। फोन पर हुई बातचीत में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से सबसे पुराने दल को सत्ता में वापस लाने के लिए कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया। लंदन की यात्रा कर रहे राहुल गांधी ने ‘इंडिया ओवरसीज कांग्रेस’ ब्रिटेन के सदस्यों के साथ मुलाकात के दौरान पार्टी प्रमुख को अचानक से फोन मिला दिया। इस बातचीत में सोनिया गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से यह बात कही।
राहुल गांधी ने आईओसी ब्रिटेन टीम के सदस्यों से पार्टी से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करने और उनके विचार सुनने के लिए शनिवार को उनके साथ बैठक की। आईओसी ब्रिटेन के प्रमुख कमल धालीवाल और टीम के अन्य सदस्यों ने बैठक में राहुल से पार्टी का अध्यक्ष बनने का आग्रह किया, ताकि उनके नेतृत्व में कांग्रेस सत्ता में आ सके।
आईओसी ब्रिटेन ने एक बयान में कहा कि अचानक से राहुल गांधी ने सोनिया गांधी को फोन मिला दिया और आईओसी के सदस्यों से उनकी बात कराई। इस दौरान सोनिया ने टीम के सभी सदस्यों को पार् को मजबूत करने के लिए का करने को कहा और आने वाले चुनाव में जीत के लिए कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया।
आईओसी तेलंगाना टीम के सदस्यों, प्रवक्ता सुधाकर गौड़ और महासचिव गम्पा वेणुगोपाल ने 2014 में पृथक तेलंगाना राज्य गठित करने के लिए पार्टी प्रमुख के प्रति आभार व्यक्त किया। सोनिया गांधी ने उनसे तेलंगाना राज्य चुनाव जीतने के लिए कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया। तेलंगाना में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं जबकि भारत में आम चुनाव 2024 में होंगे।
बताया जा रहा है कि विदेशी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के दौरान राहुल गांधी ने अपना रुख दोहराया कि पार्टी भारत में वैचारिक लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। राहुल गांधी सोमवार को यहां संसद सदस्यों से मुलाकात करेंगे और इसके बाद कैंब्रिज विश्वविद्यालय के कॉर्पस क्रिस्टी कॉलेज में छात्रों से बातचीत करेंगे।