हॉलीवुड की चर्चित फिल्म ‘क्वीन ऑफ कैटवे’ की बाल अभिनेत्री निकिता पर्ल वालिग्वा की ब्रेन ट्यूमर से मौत हो गई। निकिता महज 15 साल की थी। उन्होंने स्पोर्ट्स ड्रामा क्वीन ऑफ कैटवे में ग्लोरिया का किरदार निभाया था। इस फिल्म को भारतीय मूल की अमेरिकी निर्देशक मीरा नायर ने निर्देशित किया था। यह फिल्म यूगांडा की स्लम में रहने वाली शतरंज की खिलाड़ी फियोना मुतेसी पर आधारित थी।
मीरा नायर ने निकिता की मौत पर दुख जताते हुए कहा, ‘इस बच्ची ने अंत तक ‘लाइलाज बीमारी’ से लड़ाई जारी रखी। आपको विदाई प्रिय निकिता। आपको इतनी कम उम्र में जाते देख दिल टूट गया। आप सच में एक योद्धा थीं। कैटवे की कूल कैट आपको हमेशा याद रखेंगी।’ निकिता के ब्रेन ट्यूमर का पता 2016 में चला था। इसके बाद भारत में उनका इलाज किया गया। एक साल बाद उनकी हालत में सुधार हो रहा था, लेकिन 2019 में ट्यूमर फिर लौट आया।