महारानी के अंतिम संस्कार के दिन दो मिनट का मौन रखा जाएगा। राष्ट्रीय शोक दिवस मनाने का चलन फिर से शुरू होने से सार्वजनिक भागीदारी भी बढ़ेगी। इससे जहां बड़ी संख्या में दर्शक टेलीविजन पर अंतिम संस्कार समारोह को देख सकेंगे। पूरे ब्रिटेन में कई रिटेलर्स भी व्यापार बंद रखेंगे, ताकि उनके कर्मचारी महारानी को श्रद्धांजलि दे सकें। द गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक, टेस्को, सेन्सबरी, मॉरिसन्स, लिड्स, मैक्डोनाल्ड्स के अलावा कुछ और संस्थानों ने अपने आउटलेट्स बंद रखने की बात कही है।
कौन-कौन आमंत्रित
शाही परिवार : किंग चार्ल्स अपनी मां के ताबूत को लेकर चल रहे दल को सलामी देंगे। कैमिला, राजकुमार विलियम व हैरी, महारानी के बाकी तीन बच्चे एनी, एंड्रयू, एडवर्ड व उनके जीवनसाथी और पोते-पोतियां। राजकुमारी डायना के भाई अर्ल स्पेंसर।
महारानी के मित्र व सहयोगी : महारानी की निजी सहायक रही एंजेला कैली, लेडी सुसन हसी।
राष्ट्राें के अध्यक्ष : कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो, ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बानेस, न्यूजीलैंड की पीएम जैकिंडा एडर्न, बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना, श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, जर्मनी के राष्ट्रपति फ्रैंक वॉल्टर, इटली के राष्ट्रपति सर्गियो मैटरला, फ्रांस के राष्ट्रपति मैनुअल मैक्रॉन।
विवाद के बीच इन्हें भी निमंत्रण
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग : जिनपिंग के प्रतिनिधि के रूप में उपराष्ट्रपति वांग जाएंगे। उइगर मुसलमानों पर अत्याचार के कारण उनका विरोध हो रहा है।
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान : 2018 में पत्रकार जमाल खशोगी की हत्या के बाद पहली बार ब्रिटेन आएंगे।
इस्लामिक गणराज्य ईरान : परमाणु कार्यक्रम की वजह से उस पर कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध है।
...और इन्हें नहीं बुलाया
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन व बेलारूस : यूक्रेन युद्ध के चलते आमंत्रण नहीं।
म्यांमार, सीरिया, वेनेजुएला और अफगानिस्तान।
उत्तर कोरिया, निकारागुआ : सिर्फ दूत को बुलाया।