रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि रूस, यूक्रेन के साथ बातचीत करने और समाधान तलाशने के लिए तैयार है। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि रूस अपने सैन्य लक्ष्य हासिल करके रहेगा। पुतिन ने हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से मॉस्को में यूक्रेन के साथ संभावित समझौते पर चर्चा की थी। इस मुद्दे पर रूस के पत्रकार पावेल जारुबिन के साथ बात करते हुए पुतिन ने कहा कि रूस, अमेरिका के साथ यूक्रेन मुद्दे पर त्रिपक्षीय बातचीत करने के लिए तैयार है।
पुतिन ने क्या कहा?
पुतिन ने कहा, 'मुझे लगता है कि हम एक समझौते पर पहुंच सकते हैं, लेकिन अगर कोई इसे अलग तरह से करना चाहता है तो हम उसके लिए भी तैयार हैं। लेकिन किसी भी हाल में हम अपने सैन्य लक्ष्य हासिल करेंगे। अमेरिकी प्रतिनिधि के साथ हमारी बातचीत में हम त्रि-पक्षीय बातचीत के लिए तैयार हैं। इस समझौते का लक्ष्य रूस और यूक्रेन की सुरक्षा सुनिश्चित करना होगा न कि लड़ाई को कुछ समय के लिए रोकना। हम इस पर चर्चा के लिए तैयार हैं।'
पुतिन बोले- यूक्रेन युद्ध चाहता है तो हम उसके लिए भी तैयार
पुतिन ने कहा, 'हम शुरू से ही शांतिपूर्ण समाधान की वकालत कर रहे हैं। हमने 2014 में भी इसके बारे में बात की थी, लेकिन उन्होंने आम लोगों के खिलाफ बंदूकों और लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया। उन्होंने लगभग युद्ध छेड़ दिया था। फिर मिन्स्क समझौता हुआ। फिर डोनबास में कार्रवाई शुरू करने से पहले भी हमने समझौते की बात कही, लेकिन यूक्रेन ने कहा कि हम लड़ेंगे... तो ठीक है।'
रूसी राष्ट्रपति ने कहा, 'अमेरिका के प्रतिनिधि के साथ बातचीत में इस बात पर जोर दिया गया कि अगर हमें यूक्रेन और रूस के भविष्य की सुरक्षा गारंटी पर बात करनी है तो हमें यूरोपीय सुरक्षा पर भी बात करनी होगी और हम इससे सहमत हैं। ऐसे में हम देखेंगे कि आने वाले दिनों में हालात कैसे बदलते हैं।'
रूसी राष्ट्रपति ने कहा, 'अमेरिका के प्रतिनिधि के साथ बातचीत में इस बात पर जोर दिया गया कि अगर हमें यूक्रेन और रूस के भविष्य की सुरक्षा गारंटी पर बात करनी है तो हमें यूरोपीय सुरक्षा पर भी बात करनी होगी और हम इससे सहमत हैं। ऐसे में हम देखेंगे कि आने वाले दिनों में हालात कैसे बदलते हैं।'
'रूस और यूक्रेन के लोग एक ही है'
पुतिन ने कहा, 'हम इस जटिल मुद्दे पर बातचीत के लिए तैयार हैं क्योंकि यूक्रेन के लोग हमारे बहुत करीबी हैं। एक ताजा जेनेटिक रिसर्च से भी पता चला है कि रूस और यूक्रेन के लोग एक ही हैं, लेकिन अगर वे दूसरी तरह से सोचना चाहते हैं तो ठीक है। हम हर बात के लिए तैयार हैं।'