रूस के संविधान में एक ऐसा संशोधन किया गया है जिसके तहत रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके परिवार के ऊपर पद से हटने के बाद भी आपराधिक मुकदमा नहीं दर्ज हो पाएगा। रूस के सभी राजनेताओं ने इस विधेयक का समर्थन किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह बिल दोनों सदनों में आसानी से पास हो गया क्योंकि पुतिन समर्थकों का रूस के दोनों सदनों में समर्थन हासिल है। रूसी संसद के दोनों सदनों से पास होने के बाद पुतिन ने मंगलवार को पूर्व रूसी राष्ट्रपतियों को किसी भी अपराध के लिए आजीवन प्रतिरक्षा प्रदान करने वाले बिल पर हस्ताक्षर किए।
अगले साल इस्तीफे की चर्चा तेज
करीब 21 सालों से रूस की सत्ता संभाल रहे राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन अगले साल अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। एक रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि व्लादिमिर पुतिन को गंभीर पार्किंसंस की बीमारी है। बताया जा रहा है कि पुतिन की 37 साल की गर्लफ्रेंड एलिना काबेवा और उनकी दो बेटियां 35 साल की मारिया वोर्त्सोवा और 34 साल की कतेरीना तिखोनोवा राष्ट्रपति का पद छोड़ने के लिए उनपर दबाव बना रही हैं।
मॉस्को के राजनीति विज्ञानी वलेरी सोलोवेई ने बताया है कि पुतिन अगले साल जनवरी में किसी और को सत्ता सौंप सकते हैं। उन्होंने कहा कि संभवत: पुतिन पार्किसंस से जूझ रहे हैं और हालिया फुटेज में उनकी इस बीमारी के लक्षण दिखाई दिए हैं।