पुतिन के प्रेस कॉन्फ्रेंस में शादी का प्रस्ताव
- फोटो : X(@RT_com)
युद्ध की आशंकाओं और रूस की अर्थव्यवस्था पर सवालों के बीच व्लादिमीर पुतिन की सालाना, घंटों चलने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक ऐसा पल आया जिसने सख्त राजनीतिक माहौल को अचानक रोमांटिक बना दिया। बीच सत्र में एक युवा क्षेत्रीय पत्रकार ने लाइव प्रसारण के दौरान शादी का प्रस्ताव रख दिया और पूरा हॉल तालियों और हंसी से गूंज उठा।
ऐसे रखा गया शादी का प्रस्ताव
लाल बो-टाई पहने 23 वर्षीय पत्रकार किरिल बाझानोव (Kirill Bazhanov) ने 'मैं शादी करना चाहता हूं' लिखा पोस्टर उठाकर पुतिन का ध्यान खींचा और स्क्रिप्ट से हटते हुए कहा, “मुझे पता है मेरी गर्लफ्रेंड यह प्रेस कॉन्फ्रेंस देख रही है। ओल्गा (Olga), क्या तुम मुझसे शादी करोगी?” यह सुनते ही दर्शकों के बीच ठहाके और तालियां गूंज उठीं, जबकि लाइव प्रसारण देश-विदेश में जारी रहा।
ये भी पढ़ें: क्या है तोशाखाना मामला?: इमरान खान-बुशरा बीबी को 17 साल की सजा; जानें पाकिस्तान के इस मामले की पूरी कहानी
प्रस्ताव के बाद बाझानोव अपने मूल सवाल पर लौटे। उन्होंने महंगाई और ऊंची मॉर्गेज किस्तों का जिक्र करते हुए कहा कि वे और उनकी साथी आठ साल से साथ हैं, लेकिन आर्थिक दबावों के कारण परिवार शुरू करना मुश्किल हो रहा है।
करीब एक घंटे बाद मंच संचालकों ने सत्र के बीच “ब्रेकिंग” अपडेट दिया। रूसी समाचार एजेंसी TASS के हवाले से बताया गया कि ओल्गा ने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है। “वह आपसे शादी करेंगी,” यह कहते ही फिर तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई दी। पुतिन भी मुस्कुराते हुए तालियां बजाते नजर आए।
हौसला पाकर बाझानोव ने राष्ट्रपति को शादी में आने का न्योता दे डाला। पुतिन ने आमंत्रण तो ठुकराया, लेकिन मौके पर चुटकी लेना नहीं भूले। उन्होंने कहा, “किरिल युवा परिवारों की आर्थिक हालत पर सवाल पूछ रहे थे और यह सही भी है। एक आदमी को परिवार का सहारा बनना चाहिए। अब टोपी घुमा देते हैं, कम से कम शादी के लिए कुछ तो इकट्ठा हो जाएगा।”