पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ अध्यक्ष गोहर खान
- फोटो : ani
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ अध्यक्ष वकील गौहर खान ने कहा कि पार्टी पिछले दरवाजे से किसी के साथ भी बातचीत नहीं कर रही है। उन्होंने जेल में बंद पार्टी संस्थापक और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के रिपोर्ट में छपे उस बयान पर सफाई दी, जिसमें कहा गया कि उन्होंने सेना और राजनीतिक ताकतों के साथ बातचीत के लिए हरी झंडी दी थी।
अदियाला जेल में बंद 71 वर्षीय पीटीआई संस्थापक इमरान खान के साथ बैठक के बाद पार्टी अध्यक्ष गौहर ने पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने केवल बातचीत के लिए नाम मांगे थे, अभी कोई बातचीत नहीं हो रही है। गौहर ने कहा कि जेल प्रशासन ने आज इमरान खान को मीडिया को संबोधित करने से रोक दिया। हमारे कई कानूनी प्रतिनिधियों को भी जेल में प्रवेश नहीं करने दिया गया।
इमरान ने विदेश मंत्री को बताया नवाज का ‘अग्रदूत’
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) सुप्रीमो नवाज शरीफ को सभी आरोपों से बरी कर दिया है, जबकि पीटीआई संस्थापक खान को मनगढ़ंत मामलों में दंडित किया जा रहा है। गौहर ने इमरान खान के हवाले से कहा, पुलिस का इस्तेमाल हमारी पार्टी के खिलाफ किया जा रहा है। पुलिस की ड्रेस पहने मरियम नवाज यह संदेश देती हैं कि पुलिस उनके अधीन है। गौहर ने कहा कि इमरान खान ने विदेश मंत्री इशाक डार की उप-प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्ति की आलोचना की और उन्हें नवाज का ‘अग्रदूत’ करार दिया।
पीएसी अध्यक्ष के नाम की जल्द होगी घोषणा
पीटीआई नेता शेर अफजल मारवत ने कहा कि लोक-लेखा समिति (पीएसी) के अध्यक्ष के चयन के लिए परामर्श जारी है। अंतिम निर्णय लेकर जल्द घोषणा की जाएगी। मारवत का नाम भी इस पद के लिए चर्चा में है।
बातचीत कब और किस माहौल में होगी, पहले से तय किया जाना चाहिए
रविवार को खबर आई कि क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान ने अपनी पार्टी को सेना और राजनीतिक विरोधियों के साथ बातचीत के लिए हरी झंडी दे दी है। हालांकि, पीटीआई संस्थापक ने यह स्पष्ट कर दिया कि किसी भी बातचीत को नियम के अनुसार चलना चाहिए। उन्होंने कहा, बातचीत कैसे होगी और किस माहौल में होगी, यह पहले तय किया जाना चाहिए। उसके बाद ही जो हितधारक हैं, उनसे बातचीत का रास्ता साफ होगा।