नेपाल के पूर्व राजा ज्ञानेंद्र शाह (फाइल)
- फोटो : पीटीआई
नेपाल में पूर्व राजा ज्ञानेंद्र शाह के कड़ी सुरक्षा के बीच आगमन पर सैकड़ों समर्थकों ने शुक्रवार को हवाई अड्डे पर एकत्र होकर देश में राजशाही की बहाली की मांग की। त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजशाही समर्थकों के हाथों में नारे लिखी तख्तियां थीं और वे देश में लोकतंत्र बहाली के बाद से आई विकृतियों का विरोध कर रहे थे। समर्थकों ने कहा, हम अपने राष्ट्र को बचाने के लिए राजा ज्ञानेंद्र को वापस सत्ता में लाना चाहते हैं। ये समर्थक काठमांडो जिला प्रशासन कार्यालय द्वारा एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्र में पांच से अधिक लोगों के जमावड़े पर
प्रतिबंध लगाने वाली निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद यहां जमा हुए। वरिष्ठ नेता कमल थापा के नेतृत्व में राजशाही समर्थक राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के कार्यकर्ता तथा नवराज सुबेदी व दुर्गा प्रसाई के नेतृत्व में विभित्त्न अन्य समर्थक समूह शुक्रवार सुबह से ही हवाई अड्डा क्षेत्र में पहुंच गए। हवाई अड्डे के आंसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात थे।
चुनाव पूर्व बहाल हो राजशाही
पूर्व राजा ज्ञानेंद्र के लिए जुटने से पहले काठमांडो में एक प्रेसवार्ता के दौरान दुर्गा प्रसाई ने कहा कि वे 5 मार्च को होने वाले आम चुनाव से पहले राजशाही संस्था को बहाल करना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि देश में हिंदू राजा की पुनः स्थापना के उनके एजेंडे को संबोधित किए बिना चुनाव नहीं कराए जा सकते। नेपाल ने 2008 में राजशाही को समाप्त कर दिया था, लेकिन आर्थिक संकट और राजनीतिक अस्थिरता के बीच पिछले साल राजशाही समर्थक प्रदर्शन फिर से शुरू हो गए।