किशोर उम्र में बच्चे किस हद तक अपराध की ऑनलाइन दुनिया में प्रवेश कर रहे हैं इसका उदाहरण अमेरिका में देखने को मिला। अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई ने एक ऐसे किशोर को पकड़ा है जो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जनसंहार का समर्थन करता रहा है। एफबीआई को उसके पास 25 बंदूकें और 10,000 गोलियां भी मिली हैं। जस्टिन ने इस पूरी हरकत को मजाक बताया।
ओहायो में रहने 18 साल के जस्टिन ओलसेन के खिलाफ संघीय कानून का पालन कराने वाले एजेंटों की हत्या करने की ऑनलाइन प्लेटफॉम पर धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई गई। ऑनलाइन फोरम में जस्टिन ने लिखा था कि किसी भी फेडरल एजेंट को देखते ही गोली मार देना चाहिए।
जस्टिन ने यह बात आईफन्नी नाम की एक वेबसाइट पर लिखी जिस पर यूजर्स मीम शेयर करते हैं और इससे 4,400 लोग जुड़े हुए हैं। जस्टिन के खिलाफ दर्ज शिकायत में यह भी कहा गया है कि उसने पहले भी ऐसी पोस्ट डाली थी जिसमें जनसंहार को समर्थन और उन लोगों को निशाना बनाने की बात थी जो परिवार नियोजन और प्रजनन के अधिकार गुट प्लान्ड पैरेंटहुड से जुड़े हैं। एफबीआई को उसके पिता के घर की तलाशी में 15 असॉल्ट राइफल व शॉटगन के अलावा 10 सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और बड़ी मात्रा में गोलियां भी बरामद हुईं।