Prince William On British Monarchy: वेल्स के राजकुमार और ब्रिटिश राज सिंहासन के उत्तराधिकारी प्रिंस विलियम ने संकेत दिया है कि भविष्य में जब वे राजा बनेंगे तो ब्रिटिश राजशाही और आधुनिक, लोगों के करीब और संवेदनशील चेहरा अपनाने की कोशिश करेगी।
ब्रिटेन के युवराज प्रिंस विलियम ने पहली बार साफ इशारा किया है कि जब वे अपने पिता किंग चार्ल्स तृतीय के बाद राजा बनेंगे तो ब्रिटिश राजशाही में बदलाव देखने को मिल सकता है। 43 वर्षीय विलियम ने यह बात कनाडाई अभिनेता यूजीन लेवी के साथ विंडसर कैसल में शूट हुए एक इंटरव्यू में कही। यह बातचीत लेवी के अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल शो 'द रेलक्टेंट ट्रैवलर' के लिए हुई है।
बदलाव अच्छे के लिए होगा- विलियम
शो के प्रोमो वीडियो में लेवी ने पूछा कि क्या उनके राजा बनने के बाद राजशाही की दिशा कुछ बदलेगी? इस पर विलियम ने जवाब दिया, 'हां, यह कहना सुरक्षित होगा कि बदलाव मेरे एजेंडे में है। बदलाव अच्छे के लिए होगा। मुझे बदलाव से डर नहीं लगता, बल्कि यह मुझे उत्साहित करता है। यह कोई बहुत बड़ा या कट्टर बदलाव नहीं होगा, लेकिन जरूरी बदलाव जरूर होंगे।'
विज्ञापन
'ऐसी दुनिया चाहता हूं जिस पर बेटा गर्व करे'
प्रिंस विलियम ने आगे कहा कि वे ऐसी दुनिया बनाना चाहते हैं जिसमें उनका बेटा प्रिंस जॉर्ज गर्व महसूस करे और राजशाही लोगों की जिंदगी में सकारात्मक असर डाले। उन्होंने यह भी जोड़ा कि वे उन गलतियों और परंपराओं की वापसी नहीं चाहते जिनका सामना उन्होंने और उनके भाई प्रिंस हैरी ने बचपन में किया था।
प्रिंस विलियम ने निजी जिंदगी पर भी की बात
इस इंटरव्यू में उन्होंने निजी जिंदगी पर भी खुलकर बात की। पिछले साल उनकी पत्नी केट और पिता किंग चार्ल्स तृतीय दोनों को कैंसर की पुष्टि हुई थी। उस दौर को याद करते हुए विलियम ने कहा, 'परिवार से जुड़ी बातें मुझे अक्सर बहुत भारी लगती हैं। चिंता और तनाव उसी हिस्से से आता है। लेकिन कामकाज के बोझ से अब मैं ज्यादा परेशान नहीं होता।'