ब्रिटिश शाही परिवार के प्रतिष्ठित सदस्य ड्यूक ऑफ यॉर्क प्रिंस एंड्रयू ने उन पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिरने के बाद हालातों को समझते हुए महारानी से अपने दायित्वों से पीछे हटने की अनुमति मांगी है। उन्होंने कहा, मैं अपने शाही दायित्वों से पीछे हट रहा हूं क्योंकि जैफरी एपस्टीन मामला शाही परिवार के लिए एक बड़ी बाधा बन गया है।
दरअसल, प्रिंस एंड्रयू पिछले कई माह से अमेरिकी फायनेंसर जैफरी एपस्टीन के साथ उनके रिश्तों को लेकर कई सवालों में घिरे थे। एपस्टीन ने अगस्त में यौन-तस्करी के आरोपों पर मुकदमे के ट्रायल के दौरान अमेरिका में खुदकुशी कर ली थी। एपस्टीन पर आरोप लगाने वाली महिला वर्जीनिया गिफ्रे ने दावा किया था कि उन्हें तीन बार प्रिंस एंड्रयू के साथ यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया।
ड्यूक ऑफ यॉर्क ने लगातार इन आरोपों से इनकार किया और कहा, ‘मैं एपस्टीन के साथ अपने रिश्तों पर अफसोस करता हूं।’ बकिंघम पैलेस से जारी एक बयान में प्रिंस एंड्रयू ने कहा है कि वे यौन शोषण केस में सभी पीड़िताओं समेत उस शख्स के प्रति भी सहानुभूति रखते हैं जो चाहते हैं कि यह मामला न्याय के साथ खत्म हो।