प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सिडनी में अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय बैठक की। बैठक में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने भी भाग लिया। इससे पहले पीएम मोदी को एडमिरल्टी हाउस में सेरेमोनियल गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सिडनी में एडमिरल्टी हाउस में विजिटर बुक पर भी हस्ताक्षर किए। पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के गवर्नर जनरल और ऑस्ट्रेलियाई विपक्षी नेता के साथ भी बैठक की। द्विपक्षीय बैठक के बाद पीएम मोदी ने अल्बनीज के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि हमने खनन और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्रों में अपने रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने पर रचनात्मक चर्चा की। साथ ही हमने हरित हाइड्रोजन पर टास्क फोर्स स्थापित करने का निर्णय लिया है।
पीएम मोदी ने इस साल भारत में होने वाले क्रिकेट विश्व कप के लिए अल्बनीज और सभी ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट प्रशंसकों को भारत आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि उस समय आपको भारत में भव्य दिवाली का जश्न भी देखने को मिलेगा। मोदी ने कहा कि मंदिरों में हमला स्वीकार नहीं है। एंथनी अल्बनीज ने ऐसे असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई का भरोसा दिया।
संयुक्त राष्ट्र और सुरक्षा परिषद जैसे निकायों में सुधारों पर भी जताई सहमति
भारत-ऑस्ट्रेलिया ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र को नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के तहत शांतिपूर्ण, समृद्ध व समावेशी बनाए रखने का संकल्प दोहराया है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सिडनी में ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की। दोनों देशों ने अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रभाव व उपयोगिता पर बातचीत करते हुए संयुक्त राष्ट्र व सुरक्षा परिषद जैसे निकायों में सुधार पर भी सहमति जताई।
बैठक में दोनों नेताओं ने रक्षा-सुरक्षा, व्यापार-निवेश, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन, महत्वपूर्ण खनिजों, शिक्षा, प्रवासन और गतिशीलता के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के अंत में दोनों नेताओं ने मार्च में दिल्ली में आयोजित पहले भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन की उपयोगिता पर चर्चा करते हुए व्यापक रणनीतिक साझेदारी को व्यापक व मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई। बैठक में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने भी भाग लिया।
छात्र व पेशेवरों की आसान आवाजाही पर समझौता
माइग्रेशन एंड मोबिलिटी पार्टनरशिप अरेंजमेंट यानी प्रवास और गतिशीलता साझेदारी व्यवस्था पर हस्ताक्षर करने का दोनों नेताओं ने स्वागत किया। इस व्यवस्था में मोबिलिटी अरेंजमेंट फॉर टैलेंटेड अर्ली प्रोफेशनल स्कीम के तहत भारतीय छात्रों, पेशेवरों, शोधकर्ताओं की ऑस्ट्रेलिया आवाजाही को आसान बनाया जाएगा।
हाइड्रोजन टास्क फोर्स पर सहमति
दोनों नेताओं ने भारत-ऑस्ट्रेलिया हाइड्रोजन टास्क फोर्स से जुड़े नियम व शर्तों को अंतिम रूप देने का भी स्वागत किया। इससे स्वच्छ हाइड्रोजन के निर्माण और उपयोग में मदद मिलेगी। खासतौर पर हाइड्रोजन इलेक्ट्रोलाइजर व फ्यूल सेल्स का बुनियादी ढांचा तैयार करने में आसानी होगी।
सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष व अवसंरचना क्षेत्र में निवेश करने का किया आग्रह
पीएम मोदी ने बुधवार को ऑस्ट्रेलिया की शीर्ष कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ बिजनेस राउंडटेबल सम्मेलन को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कारोबारियों को व्यापार में आसानी और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने की सरकारी पहलों व आर्थिक सुधारों की जानकारी दी। उन्होंने कारोबारियों से कहा कि वे भारत में डिजिटल बुनियादी ढांचे, सूचना प्रौद्योगिकी, फिनटेक, दूरसंचार, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष, हरित हाइड्रोजन सहित नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि में निवेश के अवसरों का लाभ उठाएं। बैठक में ऑस्ट्रेलिया के इस्पात, बैंकिंग, ऊर्जा व सूचना प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों के अग्रणी कंपनियों के सीईओ के साथ ही प्रमुख विश्वविद्यालयों के कुलपति भी शामिल हुए।
एडमिरल्टी हाउस में भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रेलिया के गवर्नर जनरल डेविड हर्ले व उनकी पत्नी लिंडा हर्ले से उनके आधिकारिक आवास एडमिरल्टी हाउस पहुंचे। वहां, उनका गार्ड ऑफ ऑनर के साथ भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के साथ दुनिया को बेहतर बनाने में साझा योगदान पर विस्तृत चर्चा की। पीएम मोदी ने गवर्नर जनरल के साथ 2019 मे हुई बैठक को याद किया, जब वे न्यू साउथ वेल्स के गवर्नर के तौर पर भारत की यात्रा पर आए थे। दोनों में गर्मजोशी के साथ बातचीत हुई।
भारत के साथ गहरे आर्थिक संबंध चाहता है ऑस्ट्रेलिया : अल्बनीज
प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया भारत के साथ करीबी आर्थिक संबंध चाहता है। पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद जारी बयान में अल्बनीज ने कहा, मोदी की ऑस्ट्रेलिया यात्रा ने भारत-ऑस्ट्रेलिया के घनिष्ठ संबंधों को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा, यह एक ऐसा रिश्ता है, जिसमें हमें निवेश करने की जरूरत है। अल्बनीज ने कहा, भारत के साथ मजबूत साझेदारी व्यापार, निवेश, क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के लिहाज से ऑस्ट्रेलिया के लिए फायदेमंद है।
भारत के साथ संबंधों को अहम बताते हुए अल्बनीज ने कहा, भारतीय-ऑस्ट्रेलियाई समुदाय के योगदान की वजह से ऑस्ट्रेलिया बेहतर बन रहा है। उन्होंने कहा कि देशों के बीच संबंधों को और गहरा किए जाना चाहिए। वहीं, एक अन्य बयान में अल्बनीज ने बताया कि दोनों देशों के संबंधों के लिए पैरामाटा नया केंद्र बनाया गया है। यह केंद्र व्यापार, नीति एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिये दोनों देशों के के बीच जुड़ाव को गहरा करेगा।
ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज ने कहा, बतौर पीएम पहले साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छह बार की मुलाकात हमारे गहरे होते रिश्तों का प्रमाण है। भारतीय-ऑस्ट्रेलियाई समुदाय के योगदान के कारण ऑस्ट्रेलिया एक बेहतर जगह है, और हम अपने देशों के बीच अधिक संबंध देखना चाहते हैं। अल्बनीज और ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग ने घोषणा की कि ऑस्ट्रेलिया-भारत संबंधों के लिए नए केंद्र का मुख्यालय मैरामाटा में होगा। इस केंद्र का परिचालन मई में शुरू हुआ। यह दोनों देशों के लिए लाभदायक होगा।
तिरंगे की रोशनी में नहाया सिडनी हार्बर ब्रिज व ओपेरा हाउस
ऑस्ट्रेलिया से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदाई से ठीक पहले सिडनी के मशहूर पर्यटन स्थल हार्बर ब्रिज और ओपेरा हाउस को भारतीय तिरंगे के रंगों की रोशनी से सजाया गया। पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज के साथ वहां पहुंचे। हार्बर ब्रिज को दुनिया का सबसे बड़ा स्टील आर्क ब्रिज माना जाता है। वहीं, ओपेरा हाउस सिडनी का सबसे प्रसिद्ध ऐतिहासिक पर्यटन स्थल है।
विपक्षी पीटर ने की तारीफ
ऑस्ट्रेलिया के मुख्य विपक्षी नेता पीटर डटन ने पीएम मोदी से मुलाकात की। लिबरल पार्टी के नेता ने मोदी को देश का महान दोस्त बताते हुए कहा, यह गर्व की बात है कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर मोदी के नेतृत्व में दोनों देशों के संबंधों में तीव्र विकास हुआ है।
द्विपक्षीय रिश्तों से भी आगे बढ़कर वैश्विक और क्षेत्रीय साझेदार बन रहे भारत-ऑस्ट्रेलिया : जयशंकर
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत ऑस्ट्रेलिया अब द्विपक्षीय से बढ़कर क्षेत्रीय व वैश्विक साझेदार बनने की तरफ बढ़ रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष पेनी वोंग से मुलाकात को उत्कृष्ट बताते हुए जयशंकर ने कहा, दोनों देश तेजी से क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर सहयोग की क्षमता प्रदर्शित कर रहे हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत ऑस्ट्रेलिया अब द्विपक्षीय से बढ़कर क्षेत्रीय व वैश्विक साझेदार बनने की तरफ बढ़ रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष पेनी वोंग से मुलाकात को उत्कृष्ट बताते हुए जयशंकर ने कहा, दोनों देश तेजी से क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर सहयोग की क्षमता प्रदर्शित कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने कहा कि खालिस्तानी आतंकवाद का समर्थन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऑस्ट्रेलिया बहुसांस्कृतिक लोकतंत्र है, यहां किसी भी तरह के चरमपंथ या आतंकवाद की जगह नहीं।
क्रिकेट की तरह भारत-ऑस्ट्रेलिया रिश्ते भी टी-20 मोड में
मोदी ने क्रिकेट की शैली के जरिये भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों की व्याख्या करते हुए कहा, हमारे रिश्ते भी अब टी20 मोड में पहुंच गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, प्रिय मित्र पीएम एंथनी अल्बनीज की भारत यात्रा के दो महीनों के भीतर मैं ऑस्ट्रेलिया आया हूं। पिछले एक वर्ष में यह हमारी छठी मुलाकात है। यह हमारे व्यापक रिश्तों की गहराई, हमारे विचारों के मेल और संबंधों की परिपक्वता को दर्शाता है। मोदी ने पीएम अल्बनीज और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट प्रशंस्कों को इस साल के अंत में होने वाले क्रिकेट विश्वकप के लिए भारत आने का न्योता भी दिया। मोदी ने कहा, भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंध सिर्फ दोनों देशों तक ही सीमित नहीं है बल्कि यह क्षेत्रीय स्थिरता, शांति और वैश्विक कल्याण से भी जुड़ा है। हमने खनन और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्रों में अपने रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने पर रचनात्मक चर्चा की। हमने अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग के लिए ठोस क्षेत्रों की पहचान की। हमने खुले, समृद्ध और सुरक्षित हिंद-प्रशांत के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी दोहराया। प्रधानमंत्री ने कहा, भारत-ऑस्ट्रेलिया सहयोग वैश्विक दक्षिण के विकास के लिए भी फायदेमंद हो सकता है। वसुधैव कुटुम्बकम की भारतीय परंपरा जो पूरी दुनिया को एक परिवार के रूप में देखती है, भारत के जी20 राष्ट्रपति पद का केंद्रीय विषय है।
अगले दशक में ऊंचाइयां छुएगी भारत और ऑस्ट्रेलियाई व्यापक रणनीतिक साझेदारी
अल्बनीज के साथ बैठक को रचनात्मक बताते हुए मोदी ने कहा, अगले दशक में ऑस्ट्रेलिया-भारत व्यापक रणनीतिक साझेदारी को 'अधिक ऊंचाइयों' पर ले जाने पर विचार-विमर्श हुआ। पिछले साल, भारत-ऑस्ट्रेलिया आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौता लागू हुआ। आज, हमने एक व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते (सीईसीए) पर गौर करने का निर्णय लिया है। इससे हमारी आर्थिक साझेदारी और मजबूत होगी व सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे।
भारत-ऑस्ट्रेलिया में मजबूत साझेदारी दोनों के हित में
ऑस्ट्रेलिया का मैरामाटा मुख्यालय व्यापार, नीति व सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से भारत के साथ गहरा जुड़ाव रखेगा। ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने कहा, यह भारतीय प्रवासी समुदायों के साथ काम करेगा। अल्बनीज ने कहा, यह एक ऐसा रिश्ता है जिसमें हमें निवेश करने की जरूरत है। भारत के साथ हमारी मजबूत साझेदारी कारोबार, निवेश और क्षेत्रीय सुरक्षा व स्थिरता में ऑस्ट्रेलिया के लिए लाभ प्रदान करेगी और यह दोनों के हित में है।
पीएम मोदी ने विदेशी नेताओं को तोहफे में दी जनजातीय कलाकृतियां
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन देशों की यात्रा के दौरान विदेशी नेताओं से मुलाकात के दौरान तोहफों के तौर पर भारत के विभिन्न क्षेत्रों की जनजातीय कला और शिल्प से जुड़ी कलाकृतियां भेंट कीं। ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कुक आइलैंड्स और टोंगा के नेताओं को पीएम मोदी ने ढोकरा शिल्प कला से बनी कलाकृतियां भेंट कीं। मोहनजोदड़ो और हड़प्पा सभ्यताओं के अवशेषों में भी पाई गई ढोकरा कलाकृतियां भारत के समृद्ध इतिहास और पारंपराओं के महत्व को रेखांकित करती है। आमतौर पर ढोकरा कलाकृतियां देवी-देवताओं, पशुओं, पौराणिक पात्रों और प्राकृतिक आकारों से प्रेरित होती हैं। पीएम मोदी ने कनाडाई समकक्ष जस्टिन ट्रूडो को गोंड चित्रकला पर आधारित चित्र भेंट किया।