अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ चल रहे संघर्ष के बीच अपना चीन दौरा टालने का फैसला किया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ जारी यह युद्ध जल्द खत्म हो सकता है। उन्होंने साफ किया कि युद्ध के इस माहौल में उनका वाशिंगटन में रहना बहुत जरूरी है, इसलिए वह अभी चीन नहीं जा सकते।
क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप को पहले 28 मार्च से 1 अप्रैल तक चीन की यात्रा पर जाना था। अब उन्होंने चीन से इस दौरे को करीब एक महीने के लिए आगे बढ़ाने को कहा है। ट्रंप ने कहा, 'मैं चीन जाना चाहता हूं और वहां के नेताओं के साथ मेरे संबंध बहुत अच्छे हैं। लेकिन युद्ध की वजह से मुझे लगता है कि मेरा यहां रहना ही सही है। इसमें कोई चालाकी नहीं है, यह एक सीधा सा फैसला है। हमारे यहां युद्ध चल रहा है और मेरा यहां होना जरूरी है।'
युद्ध को लेकर दिया बड़ा बयान
जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या यह युद्ध इसी हफ्ते खत्म हो जाएगा, तो उन्होंने कहा कि इसमें बहुत ज्यादा समय नहीं लगेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि इस संघर्ष के खत्म होने के बाद दुनिया पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित हो जाएगी। ट्रंप ने ओवल ऑफिस में एक कार्यक्रम के दौरान ये बातें कहीं।
ये भी पढ़ें: Iran: मिसाइल क्षमता ध्वस्त होने के अमेरिकी दावों के बीच जारी भीषण हमले, ड्रोन-मोबाइल लॉन्चर बने बड़ी चुनौती
सैन्य कार्रवाई पर कही ये बात
राष्ट्रपति ने इस सैन्य कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा कि वह संघर्ष से बचना चाहते थे, लेकिन यह कदम उठाना उनकी मजबूरी थी। उन्होंने कहा, 'यह मेरी जिम्मेदारी थी। मैं इस रास्ते पर नहीं चलना चाहता था, लेकिन हमने यह काम सिर्फ अपने लिए नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए किया है।' ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अगर वह यह कार्रवाई नहीं करते, तो अमेरिका पर हमला हो सकता था।
ईरान की मौजूदा सैन्य स्थिति पर बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि इस संघर्ष ने ईरान की ताकत को काफी कम कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि अब ईरान के पास न तो नौसेना बची है और न ही वायुसेना। उनके पास विमानों को रोकने वाले हथियार भी नहीं हैं और उनके नेतृत्व में भी भारी कमी आई है।
बाजार पर क्या बोले ट्रंप?
शेयर बाजार पर पड़ने वाले असर को लेकर ट्रंप ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि बाजार ज्यादा नीचे गिरेगा, लेकिन असर काफी कम रहा। उन्होंने इसे एक छोटी कीमत बताया। हालांकि, भविष्य की सैन्य रणनीति या जमीन पर सेना उतारने के सवाल पर उन्होंने कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया।
अन्य वीडियो-