फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बोलीविया में राजनैतिक संकट, सेना के बढ़ते दबाव के बीच राष्ट्रपति ने दिया इस्तीफा

Mon, 11 Nov 2019 10:39 AM IST
Priyesh Mishra वर्ल्ड डेस्क, ला पाज
विज्ञापन
Bolivia’s President Evo Morales - फोटो : Social Media
विज्ञापन

बोलीविया के राष्ट्रपति इवो मोरालेस ने चुनाव नतीजों में गड़बड़ी के आरोपों के बाद सेना और जनता के बढ़ते दबाव के बीच रविवार को इस्तीफा दे दिया। चुनावों में अनियमितताओं को लेकर इस दक्षिण अमेरिकी देश में कई हफ्तों से हिंसक प्रदर्शन चल रहे हैं।

विज्ञापन


इस फैसले से एक दिन पहले मोरालेस ने नये सिरे से चुनाव कराने की पेशकश भी की थी लेकिन संकट तब गहराया जब देश के सेना प्रमुख ने राष्ट्रीय टेलीविजन चैनल पर उनसे इस्तीफा देने की मांग की। 60 वर्षीय समाजवादी नेता मोरालेस ने कहा कि मैं बोलीविया की विधान सभा को अपना इस्तीफा भेज रहा हूं।

उन्होंने कहा कि मैं आपसे भाइयों और बहनों पर हमला बंद करने की गुजारिश करता हूं, चीजों को जलाना और हमला करना बंद कीजिए। मोरालेस का बयान खत्म भी नहीं हुआ था कि उससे पहले ला पाज और अन्य शहरों में कार के हॉर्न बजने लगे और लोग जश्न मनाने के लिए सड़कों पर उतर आए। इस बीच, मोरालेस ने कहा कि उनकी गिरफ्तारी का वारंट आया है।
विज्ञापन


उन्होंने ट्वीट किया कि मैं दुनिया तथा बोलीविया के लोगों को बताना चाहता हूं कि एक पुलिस अधिकारी ने सार्वजनिक रूप से कहा कि उसके पास मेरे लोगों को गैरकानूनी रूप से गिरफ्तार करने के आदेश का पालन करने के निर्देश हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि हिंसक समूहों ने उनके घर पर हमला किया था। तीन हफ्तों से चल रहे प्रदर्शनों का नेतृत्व कर रहे कंजर्वेटिव नेता लुइस फर्नांडो कैमेचो ने पुष्टि की कि मोरालेस के लिए गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है। कैमेचो ने टि्वटर पर लिखा कि सेना ने उनका राष्ट्रपति विमान ले लिया है और वह चापारे में छिपे हैं। हम उनकी तलाश कर रहे हैं।’’

चापारे से ही मोरोलस ने टेलीविजन पर अपने इस्तीफे की घोषणा की। मोरालेस बोलीविया की मूल निवासी आबादी के राष्ट्रपति बनने वाले पहले सदस्य थे और वह 13 साल नौ महीने तक सत्ता में रहे जो देश के इतिहास में सबसे बड़ा कार्यकाल है।

हालांकि, पिछले महीने चौथी बार चुनाव जीतने के उनके दावे ने देश में अशांति पैदा कर दी। उनके समर्थकों तथा प्रतिद्वंद्वियों के बीच झड़पों में तीन लोगों की मौत हो गयी और 100 से अधिक घायल हो गए। इससे पहले रविवार को ऑर्गेनाइजेशन ऑफ अमेरिकन स्टेट्स (ओएएस) ने एक रिपोर्ट में कहा कि उसने 20 अक्टूबर को हुए चुनाव में ‘‘कई अनियमितताएं’’ पायी हैं और देश में नया चुनाव होना चाहिए।

मोरालेस इस पर राजी हो गए लेकिन कुछ ही घंटों के भीतर सेना प्रमुख जनरल विलियम्स कलीमन ने स्पष्ट कर दिया कि यह पर्याप्त नहीं होगा।

सेना प्रमुख ने कहा कि आंतरिक संघर्ष की स्थिति का आकलन करने के बाद हम राष्ट्रपति से इस्तीफा देने की मांग करते हैं ताकि बोलीविया के हित में शांति और स्थिरता बरकरार रखी जा सके।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें