US: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मैक्सिको से आने वाले सामान पर लगाए गए 25 फीसदी टैरिफ को एक महीने के लिए टाल दिया है। इससे पहले अमेरिका के वाणिज्य मंत्री ने कहा था कि टैरिफ के फैसले से वित्तीय बाजारों में उथल-पुथल मची हुई है और उपभोक्ताओं का भरोसा डगमगा गया है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को घोषणा की कि उन्होंने मैक्सिको से आने वाले अधिकांश सामान पर लगाए गए 25 फीसदी टैरिफ को एक महीने के लिए टाल दिया है। मैक्सिको के राष्ट्रपति के साथ बातचीत के बाद उन्होंने यह फैसला लिया। इससे पहले ट्रंप प्रशासन में वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड ल्यूटनिक ने कहा था कि कनाडा और मैक्सिकों पर लगाए गए टैरिफ संभवत: स्थगित किए जाएंगे।
विज्ञापन
सीमा पर अवैध प्रवासियों के प्रवेश और फेंटानिल को रोकने का अभियान
ट्रंप ने फरवरी की शुरुआत में आयात करों की घोषणा की थी। उसके बाद से यह दूसरी बार है जब आयात करों पर एक महीने की रोक का एलान किया गया है। यह छूट उन वस्तुओं पर लागू होगी जो ट्रंप के पहले कार्यकाल में कनाडा और मैक्सिको के साथ किए गए व्यापार समझौते के अनुरूप हैं। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, हम सीमा पर अवैध प्रवासियों के प्रवेश और फेंटानिल को रोकने के लिए मिलकर कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
पारस्परिक टैरिफ 2 अप्रैल से लागू किए जाएंगे
अमेरिकी राष्ट्रपति की बार-बार टैरिफ लगाने की धमकियों से वित्तीय बाजारों में उथल-पुथल मची हुई है। इन धमकियों ने उपभोक्ताओं का भरोसा कम कर दिया है और कई कारोबारों में अनिश्चितता पैदा हो गई, जिससे भर्ती और निवेश में देरी हो सकती है। ल्यूटनिक ने जोर देकर कहा कि पारस्परिक टैरिफ 2 अप्रैल से लागू किए जाएंगे। ल्यूटनिक के बयान के बाद अमेरिकी बाजार में थोड़ी तेजी दिखी। गुरुवार को कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने संकेत दिया कि उन्हें उम्मीद है कि उनका देश निकट भविष्य में अमेरिका के साथ व्यापार युद्ध में उलझा रहेगा।