चीन ने गरीबी पर विजय पा ली है या नहीं, इस पर खुद चीन में विवाद खड़ा हो गया है। बीते हफ्ते चीन से ये खबर आई कि चीन में गरीबी को मिटा दिया गया है। तब ये बताया गया कि राष्ट्रपति बनने के बाद शी जिनपिंग ने 2020 तक गरीबी खत्म करने का लक्ष्य तय किया था। उसे एक महीना पहले हासिल कर लिया गया है। शी ने चीन में कम्युनिस्ट क्रांति की शताब्दी यानी 2049 तक चीन को सामान्य रूप में समृद्ध देश बनाने का लक्ष्य रखा है। गरीबी पर विजय को उस दिशा में पहली कामयाबी बताया गया।
चीन सरकार की परिभाषा के मुताबिक चीन में 2,300 युवान (350 डॉलर) से कम आमदनी पर जीवन गुजराने वाले व्यक्ति को गरीब समझा जाता है। पिछले हफ्ते ये घोषणा की गई कि इस सीमा से नीचे जीवन गुजारने वाले गिने-चुने लोगों को अब इससे ऊपर उठा दिया गया है।