बांग्लादेश में राजनीतिक घमासान जारी है। ढाका में धरने पर बैठे विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कार्यकर्ताओं ने राजधानी में चार-पांच घंटे तक प्रदर्शन किया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने कम से कम चार-पांच बसों को आग के हवाले कर दिया।
बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की अध्यक्षता वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) आवामी लीग सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। बीएनपी का आरोप है कि प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व वाली सरकार के तहत कोई भी चुनाव निष्पक्ष और विश्वसनीय नहीं होगा। इसी वजह से बीएनपी ने राजधानी में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण, जाम की समस्या बनी रही। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान किसी बड़े दुर्घटना की जानकारी नहीं मिली है। ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल पुलिस चौकी के एक अधिकारी का कहना है कि छह प्रदर्शनकारियों को घायल अवस्था में राजधानी के मुख्य अस्पताल में भर्ती किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि प्रदर्शन हिंसक होने लगी थी। विपक्षी नेताओं ने चार-पांच यात्री बसों के साथ-साथ एक पुलिस कार में भी आग लगा दी। उन्होंने कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाजद पुलिस ने उनपर हमला किया। रबर की गोलियां चलाईं। आंसू गैस के गोले दागे गए। लाठियां भांजते हुए पुलिस ने 90 बीएनपी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। प्रदर्शनकारियों ने कानून प्रवर्तन एजेंसी के 19 सदस्यों को घायल कर दिया।
ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस का कहना है कि तोड़फोड़ और हिंसा के आरोप में बीएनपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज करेंगे। बीएनपी के वरिष्ठ नेता गोेयेश्वर रॉय और अमानुल्लाह अमान को भी पकड़ लिया है। हालांकि. पुलिस ने रॉय को बाद में रिहा कर दिया। वहीं अमन को नेशनल कार्डियक इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया।
बीएनपी कार्यकर्ताओं की हिंसा को लेकर आवामी लीग रविवार को राजधानी और एकात्मक बांग्लादेश के सभी उप जिलों में रैलियां करेंगे। पार्टी महासचिव ओबैदु्ल्ला का कहना है कि बीएनपी ने एक बार फिर आगजनी की है। हम अब मूक दर्शक नहीं बने रह सकते। हम अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। आवामी लीग की घोषणा के बाद बीएनपी ने घोषणा की पार्टी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में वे सोमवार को देशव्यापी रैलियां आयोजित करेंगे।