पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क बुधवार को संसद में बहुमत साबित करेंगे। बीते दिनों राष्ट्रपति चुनाव में हार के बाद डोनाल्ड टस्क समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। टस्क ने ही विश्वास मत पेश किया है। इससे पहले एक जून को टस्क समर्थित वारसॉ के मेयर रफाल ट्राजोस्कोवस्की को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा समर्थित दक्षिणपंथी करोल नवरोकी के सामने हार मिली थी।
राष्ट्रपति चुनाव में हार टस्क के लिए बड़ा झटका
ट्राजोस्कोवस्की की हार को पीएम टस्क की हार माना गया था और इसे टस्क की लोकप्रियता में कमी के तौर पर देखा गया था। नवरोकी की जीत से टस्क की यूरोपीय समर्थक नीतियों को झटका लग सकता है क्योंकि राष्ट्रपति के पास वीटो और विदेश नीति में दखल देने की शक्ति होती है। राष्ट्रपति चुनाव में हार से डोनाल्ड टस्क की ताकत कम हुई है। पोलैंड में साल 2027 में संसदीय चुनाव होने हैं। ऐसे में बदले ही राजनीतिक परिदृश्य में टस्क का आगे भी ताकतवर बने रहेंगे या नहीं, ये बड़ा सवाल है। कई राजनीतिक जानकार इसे डोनाल्ड टस्क के राजनीतिक करियर का अंत भी मान रहे हैं।
ये भी पढ़ें-
Los Angeles: लॉस एंजिलिस हिंसा पर भड़के ट्रंप, बोले- हम इस शहर को आजाद कराकर रहेंगे
बहुमत साबित नहीं कर पाए तो समय से पहले हो सकते हैं पोलैंड में चुनाव
संख्याबल को देखते हुए माना जा रहा है कि टस्क आसानी से बहुमत साबित कर देंगे। पोलैंड की 460 सदस्यों वाली संसद में टस्क के सत्ताधारी गठबंधन के पास 242 सीटें हैं। बहुतम परीक्षण से पहले टस्क ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'विश्वास मत एक नई शुरुआत है'। टस्क ने बहुमत परीक्षण को अपनी आक्रामक चाल बताई। अगर टस्क किसी वजह से बहुमत साबित नहीं कर पाते हैं तो सत्ताधारी गठबंधन में टूट होना तय है और उस स्थिति में कार्यकारी सरकार का गठन हो सकता है और समय से पहले चुनाव होने की संभावना है।